
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर श्रीनगर में छात्र संघ चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्र संघ चुनाव के सुचारु,निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन के लिए अर्थशास्त्र विभाग के प्रो.एम.सी.सती को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। बिड़़ला परिसर के निदेशक प्रो.एच.बी.एस.चौहान की ओर से जारी कार्यालय आदेश में अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.एम.सी.सती को छात्र संघ चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया। बताया कि प्रो.सती को विश्वविद्यालय के नियमों तथा लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को चुनाव के सुचारु संचालन के लिए आवश्यकतानुसार अपनी निर्वाचन टीम/समिति गठित करने के लिए भी अधिकृत किया गया है।