
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरिभजन सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो.एम.सी.सती,मुख्य नियंता प्रो.दीपक कुमार,मुख्य छात्र सलाहकार प्रो.एम.एम.सेमवाल तथा उप चुनाव अधिकारी प्रो.सीमा धवन ने बैठक को संबोधित किया जिसमें विश्वविद्यालय की पीठासीन अधिकारियों,उप पीठासीन अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो.एम.सी.सती ने चुनाव आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष,पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रचार संबंधी किसी भी प्रकार की सामग्री मतदान परिसर में प्रतिबंधित रहेंगी तथा मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन के उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो.एम.एम.सेमवाल ने चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया की समुचित रिकॉर्डिंग तथा सभी गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदाताओं के प्रवेश एवं मतदान की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जाएगी। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ करने के निर्देश दिए। मुख्य नियंता प्रो.दीपक कुमार ने परिसर में अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय के अनुशासन बोर्ड के सदस्य तथा पुलिस प्रशासन के जवान तैनात रहेंगे। उप चुनाव अधिकारी प्रो.सीमा धवन ने सभी मतदान अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में चुनाव संबंधी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरिभजन सिंह चौहान ने चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों को निष्ठापूर्वक निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव आठ पदों के लिए आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें अध्यक्ष,उपाध्यक्ष,सचिव,सहसचिव,विश्वविद्यालय प्रतिनिधि एवं छात्रा प्रतिनिधि के पदों के लिए मतदान होगा,जबकि कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य पद पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। छात्रसंघ चुनाव में विश्वविद्यालय के लगभग 9000 छात्र-छात्राएं मतदाता के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव समिति द्वारा शांतिपूर्ण,निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।