
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल एवं आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के हृदय और श्वास संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। आधुनिक एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तरा केयर हॉस्पिटल पौड़ी गढ़वाल में 19 जुलाई 2026 (रविवार) को हृदय एवं छाती रोग विशेषज्ञ डॉ.विजय मैठाणी की विशेष बाह्य रोगी परामर्श सेवा ओपीडी आयोजित की जाएगी। यह परामर्श सेवा प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगी,जहां मात्र 300 रुपये के पंजीकरण शुल्क पर मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में हृदय एवं श्वास संबंधी रोगों के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह विशेष पहल की गई है,ताकि लोगों को अपने ही जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं मिल सकें और उन्हें उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। इस विशेष परामर्श सेवा में हृदय रोगों की रोकथाम एवं परामर्श,बढ़े हुए रक्त कोलेस्ट्रॉल का उपचार,विद्युत हृदय लेख (ईसीजी) द्वारा हृदय की जांच,दमा का निदान एवं उपचार,दीर्घकालिक अवरोधक फेफड़ा रोग (सीओपीडी) का उपचार,हृदय की धड़कन संबंधी समस्याओं का परीक्षण एवं उपचार,निमोनिया एवं श्वासनली शोथ (ब्रोंकाइटिस) जैसे फेफड़ों के संक्रमण का उपचार,क्षय रोग (टीबी) की जांच एवं उपचार,लगातार खांसी एवं सांस फूलने की समस्या की जांच,फेफड़ों के कैंसर की प्रारंभिक जांच एवं आवश्यक परामर्श,भाप चिकित्सा (नेबुलाइजेशन) एवं ऑक्सीजन उपचार,छाती में पानी भरने की जांच एवं उपचार तथा धूम्रपान छोड़ने हेतु विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि हृदय एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। इसलिए जिन लोगों को सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ,लगातार खांसी,दमा,धड़कन की अनियमितता,बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल अथवा अन्य हृदय एवं श्वास संबंधी समस्याएं हैं,वे इस विशेष परामर्श सेवा का लाभ अवश्य उठाएं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है। इच्छुक मरीज 01368-313477 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं,जिससे उन्हें निर्धारित समय पर बिना अनावश्यक प्रतीक्षा के विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त हो सके। उत्तरा केयर हॉस्पिटल प्रबंधन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिवार,मित्रों एवं जरूरतमंद लोगों तक अवश्य पहुंचाएं,ताकि अधिक से अधिक लोग इस विशेष स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें।