
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह ने नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण को लेकर विद्यार्थियों से धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में विद्यार्थियों के मन में चिंता होना स्वाभाविक है,लेकिन किसी भी परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि लाखों विद्यार्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम के साथ इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं,ऐसे में नकल माफियाओं की गतिविधियां ईमानदार प्रतिभाओं के साथ अन्याय हैं। सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीबीआई को सौंपी है तथा कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं। कुलपति प्रो.सिंह ने कहा कि परीक्षा स्थगित करने का निर्णय कठिन अवश्य है,लेकिन यदि पेपर लीक में शामिल लोग सफल हो जाते तो इससे लाखों विद्यार्थियों और भविष्य की चिकित्सा व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी बहकावे में न आने और अपनी तैयारी निरंतर जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नई परीक्षा तिथियों की घोषणा हो सकती है। अंत में उन्होंने कहा कि ईमानदारी और परिश्रम से आगे बढ़ने वाली प्रतिभाओं को अवसर मिलना चाहिए तथा नकल और भ्रष्ट तंत्र की समाप्ति हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।