
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) श्रीनगर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज जूनियर डिवीजन एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति श्रीनगर कुमारी अलका ने की। शिविर का उद्देश्य युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में विधिक साक्षरता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनों,महिला अधिकारों,पारिवारिक मूल्यों,निःशुल्क विधिक सहायता,साइबर अपराधों से बचाव तथा सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और एक जागरूक एवं शिक्षित परिवार ही मजबूत समाज की नींव रखता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे कानून के प्रति सजग नागरिक बन सकें। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही समाज के कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेश चन्द्र जोशी ने भी युवाओं को कानून की जानकारी रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विधिक जागरूकता से ही समाज में न्याय और समानता की भावना मजबूत होती है। शिविर में पीएलवी सदस्य पूनम हटवाल,प्रीति बिष्ट,रोशनी देवी,प्रियंका रॉय,मानव बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक,छात्र-छात्राएं एवं संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे।