
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा विकासखंड पौड़ी क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन पौड़ी तथा जी.एम.वी.एन.परिसर में विशेष टीबी जागरूकता एवं एक्स-रे स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस कर्मियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों की भी स्वास्थ्य जांच कर उन्हें टीबी रोग के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौजूद लोगों को टीबी के लक्षण,संक्रमण से बचाव,समय पर जांच तथा नियमित उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है बल्कि समय पर पहचान और लगातार दवा लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) दीपिका ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और टीबी को जड़ से समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत मरीजों को निःशुल्क जांच,परामर्श,दवाइयां एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है,जिससे मरीजों को उपचार में किसी प्रकार की आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी,वजन कम होना,बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए। समय पर जांच और उपचार से न केवल मरीज स्वस्थ होता है बल्कि संक्रमण को फैलने से भी रोका जा सकता है। शिविर के दौरान कुल 59 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई,जबकि 48 लोगों के टीबी एक्स-रे किए गए। इसके अलावा संदिग्ध मरीजों के 4 स्पूटम सैंपल भी जांच के लिए लिए गए। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को पुलिस कर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताते हुए इसे जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में आरआई श्याम लाल,वार्ड सदस्य संगीता रावत,सीएचओ श्रुति,एस.टी.एस.नीरज भंडारी,एक्स-रे टेक्नीशियन राहुल नेगी,शशि नेगी,अनीता नेगी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।