
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद स्थित घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर के समीप मंगलवार को अचानक जंगल में भीषण आग भड़क उठी,जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग तेजी से फैलते हुए कॉलेज परिसर और बॉयज हॉस्टल के नजदीक पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मोर्चा संभाला और समय रहते आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 20 मई 2026 को फायर स्टेशन पौड़ी को पीएफटी के माध्यम से सूचना मिली कि घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के नीचे जंगल में आग लगी हुई है,जो तेज हवाओं के कारण लगातार फैलती जा रही है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से अग्निशमन दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। मौके पर पहुंचने पर फायर कर्मियों ने देखा कि आग झाड़ियों और जमनाखाल रोड के नीचे जंगल के बड़े हिस्से में फैल चुकी थी तथा धीरे-धीरे कॉलेज परिसर की ओर बढ़ते हुए बॉयज हॉस्टल के समीप पहुंच गई थी। हालात को गंभीर देखते हुए फायर यूनिट ने सबसे पहले हॉस्टल में रह रहे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला,जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने होजरील,पंपिंग सेट एवं अन्य आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग व्यापक क्षेत्र में फैली होने के कारण कॉलेज परिसर में बने ओवरहेड टैंक से लगातार पानी भरकर पंपिंग की गई। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और तेज गर्मी के बीच फायर कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी और साहस के साथ आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखे। इस दौरान वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और फायर यूनिट के साथ समन्वय बनाते हुए संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। दोनों विभागों के बेहतर तालमेल,त्वरित सूझबूझ और अथक मेहनत के चलते घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों और कॉलेज प्रशासन ने फायर यूनिट तथा वन विभाग की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता,तो कॉलेज परिसर और हॉस्टल को भारी नुकसान पहुंच सकता था। फायर कर्मियों की सजगता और बहादुरी से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।