गढ़वाल की स्वास्थ्य क्रांति के जनक भुवन चंद्र खंडूड़ी को मेडिकल कॉलेज परिवार ने दी श्रद्धांजलि

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री,पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर एवं बेस अस्पताल परिसर में गहरा शोक

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री,पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर एवं बेस अस्पताल परिसर में गहरा शोक व्याप्त रहा। मेडिकल कॉलेज परिवार ने भावुक वातावरण में आयोजित शोकसभा के दौरान उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को उत्तराखंड के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अविस्मरणीय बताया। बेस अस्पताल परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में डॉक्टरों,नर्सिंग अधिकारियों,मेडिकल फैकल्टी एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय खंडूरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। पूरे परिसर में शोक और भावुकता का माहौल बना रहा। उपस्थित चिकित्सकों और कर्मचारियों ने कहा कि उत्तराखंड ने एक दूरदर्शी,ईमानदार और विकास पुरुष नेता को खो दिया है। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज केवल एक संस्थान नहीं,बल्कि स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी का ड्रीम प्रोजेक्ट था। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए खंडूरी ने विशेष प्रयास किए थे। डॉ.सयाना ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का सपना था कि गढ़वाल मंडल के लोगों को गंभीर उपचार और उच्च चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़े महानगरों की ओर न जाना पड़े। इसी सोच के साथ उन्होंने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को विकसित करने की दिशा में ठोस पहल की। आज यह संस्थान हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय खंडूरी जी का योगदान केवल राजनीतिक क्षेत्र तक सीमित नहीं था,बल्कि उन्होंने उत्तराखंड में स्वास्थ्य,शिक्षा,सड़क और आधारभूत संरचनाओं के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया। उनकी दूरदर्शी सोच और जनसेवा की भावना सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। गौरतलब है कि अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान भुवन चंद्र खंडूरी ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया था। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने और यहां विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। उनके प्रयासों से गढ़वाल मंडल के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हुआ। श्रद्धांजलि सभा में चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत,डॉ.अजेय विक्रम,डॉ.दीपा हटवाल,डॉ.एएन पांडेय,डॉ.सीएम शर्मा एवं डॉ.दया कृष्ण टम्टा सहित मेडिकल कॉलेज की समस्त फैकल्टी,नर्सिंग अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी जैसे नेतृत्वकर्ता विरले ही होते हैं,जिन्होंने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया। उत्तराखंड के विकास में उनका योगदान सदैव स्वर्ण अक्षरों में याद किया जाएगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...