समलौण आंदोलन से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश-डीएम और सिविल जज ने किया पौधारोपण

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में समलौण आंदोलन अब केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त अभियान बनता जा रहा है। विकास खण्ड

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में समलौण आंदोलन अब केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त अभियान बनता जा रहा है। विकास खण्ड पौड़ी की पट्टी पैडुलस्यूं के कंडारा गांव में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया तथा हरियाली और खुशहाली का संकल्प लिया। जनता दरबार एवं सेवा केन्द्र स्थापना कार्यक्रम के अवसर पर जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस.भदौरिया तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज पौड़ी नाजिस कलिम ने क्रमशः आम और माल्टे के समलौण पौधे रोपित किए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण,हरित संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन समलौण आन्दोलन की राज्य संयोजिका सावित्री देवी मंमगाई ने किया। उन्होंने कहा कि मानव और वृक्षों का संबंध जीवन पर्यन्त का है। वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है,क्योंकि सम्पूर्ण जीव-जगत का अस्तित्व प्रकृति पर आधारित है। उन्होंने कहा कि समलौण केवल पौधारोपण का अभियान नहीं,बल्कि प्रकृति,संस्कृति और सामाजिक संस्कारों को जोड़ने वाली प्रेरणादायक पहल है,जो आज पूरे उत्तराखण्ड में जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जंगलों को आग से बचाना,जल स्रोतों का संरक्षण करना और प्रत्येक शुभ अवसर,संस्कार एवं सामाजिक आयोजन में पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हर व्यक्ति प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेगा,तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कहा कि वृक्षारोपण सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। समलौण जैसी पहल,जिसमें जीवन के प्रत्येक संस्कार से पौधारोपण को जोड़ा गया है, समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में इस सोच को अपनाए,तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र में हरियाली और समृद्धि दोनों बढ़ेंगी तथा भविष्य सुरक्षित रहेगा। सिविल जज पौड़ी नाजिस कलिम ने भी पर्यावरण संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि प्रकृति के संरक्षण के बिना मानव जीवन सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि समलौण आंदोलन नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने और सामाजिक चेतना बढ़ाने का प्रभावशाली माध्यम बन रहा है। इस अवसर पर सीनियर डिवीजन पौड़ी एडवोकेट विनोद कुमार,ग्राम प्रधान सुमन प्रसाद,ग्राम पंचायत विकास अधिकारी,क्षेत्र पंचायत सदस्य कुसुम खण्डूड़ी,अधिकार मित्र सोनम मंमगाई,जय प्रकाश गौड़,सन्तोष गौड़,कमलेश्वरी,बिजेश्वरी,रमेश रावत सहित विभागीय अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...