
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी पुलिस एक बार फिर संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल पेश करती नजर आ रही है। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी देखभाल को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम लगातार गांव-गांव पहुंचकर अकेले रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जान रही है। विशेष रूप से पाबों चौकी क्षेत्र में पुलिस की यह मानवीय पहल बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना प्रभारियों को सीनियर सिटीजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रविवार को कोतवाली पौड़ी अंतर्गत चौकी पाबों की पुलिस टीम ने क्षेत्र में अकेले रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस टीम ने बुजुर्गों को अपने मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी,असुरक्षा या आपात स्थिति में वे तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। पुलिसकर्मियों ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। जनपद पुलिस द्वारा लगातार वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन किया जा रहा है तथा समय-समय पर उनके घर पहुंचकर उनकी परिस्थितियों की जानकारी ली जा रही है। खासतौर पर उन बुजुर्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जो घरों में अकेले रहते हैं,ताकि कोई असामाजिक या आपराधिक तत्व उन्हें निशाना न बना सके। गश्त के दौरान पुलिसकर्मी केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रहे,बल्कि उन्होंने बुजुर्गों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं को समझते हुए मानवीय संवेदनाओं के साथ सहयोग भी किया। इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा और अपनत्व की भावना मजबूत हुई है। स्थानीय नागरिकों ने पौड़ी पुलिस की इस संवेदनशील कार्यप्रणाली की खुलकर सराहना की। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह व्यवहार समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत कर रहा है तथा बुजुर्गों को यह एहसास दिला रहा है कि वे अकेले नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा,सहायता और सम्मान के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे,ताकि समाज के अनुभवी और वरिष्ठ नागरिक स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सकें।