कीर्तिखाल इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में दिखी प्रतिभाओं की चमक,कीर्तिसुधा के विमोचन संग संस्कृति और शिक्षा का हुआ भव्य संगम

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय इण्टर कॉलेज कीर्तिखाल का चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं विद्यालय की वार्षिक पत्रिका कीर्तिसुधा के चौथे संस्करण का विमोचन बड़े हर्षोल्लास,सांस्कृतिक उल्लास और गरिमामय वातावरण के बीच सम्पन्न

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय इण्टर कॉलेज कीर्तिखाल का चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं विद्यालय की वार्षिक पत्रिका कीर्तिसुधा के चौथे संस्करण का विमोचन बड़े हर्षोल्लास,सांस्कृतिक उल्लास और गरिमामय वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। पूरे समारोह में शिक्षा,संस्कृति और विद्यार्थियों की प्रतिभाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विद्यार्थियों के उत्साह से दिनभर जीवंत बना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारीखाल डॉ.सुरेन्द्र सिंह नेगी रहे,जिनकी प्रेरणा से विकासखण्ड के विद्यालयों में प्रतिवर्ष वार्षिकोत्सव और विद्यालय पत्रिकाओं के प्रकाशन की परम्परा निरंतर आगे बढ़ रही है। मुख्य अतिथि की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि,प्रधानाचार्य,विशिष्ट अतिथियों एवं पूर्व प्रधानाचार्या अंजू द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटलमण्डा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने लोकनृत्य,समूह गायन,गढ़वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृतियों पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संगीत की झंकार ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। समारोह में पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावत,नगर पंचायत अध्यक्ष सतपुली जितेन्द्र सिंह चौहान,राजकीय शिक्षक संघ के मण्डलीय मंत्री मनमोहन चौहान,जनपद उपाध्यक्ष पूरन नेगी,राजकीय इंटर कॉलेज पालीलंगूर के पूर्व प्रधानाचार्य नागेन्द्र चौहान,सामाजिक कार्यकर्ता भारत सिंह रावत तथा पूर्व शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल डोबरियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्या अंजू द्वारा वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई,जिसमें विद्यालय की शैक्षिक,सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि डॉ.सुरेन्द्र सिंह नेगी,प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी,विशिष्ट अतिथियों एवं पत्रिका संपादक प्रदीप सिंह नेगी द्वारा विद्यालय की वार्षिक पत्रिका कीर्तिसुधा के चौथे संस्करण का विमोचन किया गया। प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण मंच होता है। उन्होंने कहा कि कीर्तिसुधा जैसी पत्रिका विद्यार्थियों की सृजनशील प्रतिभाओं को अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम है,जो उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को नई दिशा प्रदान करती है। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता इन्द्रपाल, छात्र अंकुश द्वारा अंग्रेजी में तथा छात्राओं कामिनी एवं दीपाली द्वारा हिन्दी में प्रभावशाली ढंग से किया गया। स्थानीय अभिभावक ऊषा रावत द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली कविता पाठ ने भी खूब सराहना बटोरी। मुख्य अतिथि डॉ.सुरेन्द्र सिंह नेगी सहित सभी विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास,अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। वक्ताओं ने राजकीय विद्यालयों में लगातार घट रही छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की अपील भी की। समारोह में पीटीए अध्यक्ष अनिल सिंह रावत,एसएमसी अध्यक्षा नीलम देवी,विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्य,सामाजिक कार्यकर्ता,अभिभावक,विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी ने की। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों,अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी शिक्षा और संस्कृति के ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...