
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में विकास कार्यों को गति देने और मुख्यमंत्री घोषणाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करें तथा प्रक्रियाधीन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे,इसके लिए विभागीय समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है। समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत अधिकांश कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की जा चुकी है तथा कई प्रस्ताव शासन स्तर पर स्वीकृति हेतु भेजे जा चुके हैं। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने शेष लंबित मामलों में भी तेजी लाने और प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। विभागवार समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए डीपीआर,आगणन अथवा अन्य तकनीकी औपचारिकताएं शेष हैं,उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर शासन को प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब विकास कार्यों की गति को प्रभावित करता है,जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में थलीसैंण क्षेत्र में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण परियोजना की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि लंबित तकनीकी आपत्तियों का तत्काल निस्तारण कर परियोजना को आगे बढ़ाया जाए,ताकि स्थानीय जनता को शीघ्र सुविधा मिल सके। शिक्षा क्षेत्र से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में अतिरिक्त कक्षों एवं चहारदीवारी निर्माण तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुस्तकालय,विज्ञान प्रयोगशाला,कंप्यूटर कक्ष,अतिरिक्त कक्षों और चहारदीवारी निर्माण कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं,उनके निर्माण कार्यों में तेजी लाकर समय पर पूर्ण कराया जाए। बैठक में कोटद्वार और पौड़ी को हेली सेवा से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि प्रस्ताव नागरिक उड्डयन विभाग को भेजा जा चुका है तथा विभाग की ओर से प्राप्त आपत्तियों का निराकरण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने चयनित भूमि का प्राक्कलन शीघ्र उपलब्ध कराने और संबंधित सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वन विभाग से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं केवल सरकारी योजनाएं नहीं,बल्कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने का माध्यम हैं। इनका प्रभावी क्रियान्वयन विकास को नई गति देगा और आमजन के विश्वास को भी मजबूत करेगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय,जवाबदेही और समयबद्ध कार्यसंस्कृति अपनाने पर विशेष बल दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी,अपर जिलाधिकारी एफ.आर.चौहान,संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीना नेगी,अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।