
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। हिमालय क्रांति पार्टी की बहुचर्चित पहाड़ स्वाभिमान जनसंपर्क यात्रा बुधवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश कर गई। यात्रा का शुभारंभ थैलीसैण स्थित प्राचीन मृत्युंजय महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद प्राप्त कर किया गया। इसके बाद पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गांवों और बाजारों में व्यापक जनसंपर्क कर जनता से संवाद स्थापित किया तथा प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। यात्रा के दौरान पार्टी के श्रीनगर विधानसभा प्रत्याशी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त कमांडेंट रवींद्र प्रसाद जुयाल रवि बोड़ा ने प्रदेश महासचिव एवं यात्रा संयोजक डॉ.दिनेश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में मझगांव,थैलीसैणबाजार,कैन्यूर,जल्लू,कपरोली,मुसैटी,चौरीखाल,ग्वालखेड़ा,सैंजी,धुंका,मणखोली,बनेख,चिपलघाट,खालखेत,सांकर,ओडागाड़,करनधार,जितोली,ओडली और पैठाणी सहित अनेक गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। यात्रा को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बिष्ट,राष्ट्रीय महासचिव शंकर दत्त सती तथा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बृजमोहन सिंह गुसाईं का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। जनसंपर्क अभियान के दौरान कैन्यूर गांव में हाल ही में हुई दैवीय आपदा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रत्याशी रवि बोड़ा ने कहा कि गांव निवासी मदन सिंह को आपदा में लापता हुए चार दिन से अधिक समय बीत चुका है,लेकिन अब तक उनका पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासनिक तैयारियों और आपदा प्रबंधन तंत्र की कमजोरियों को उजागर करती हैं। यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए विशेष प्रयास करेंगे। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बिष्ट ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड में लगातार जंगली जानवरों के हमलों,सड़क दुर्घटनाओं और दैवीय आपदाओं से लोगों की जान जा रही है,लेकिन सरकार नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि हिमालय क्रांति पार्टी का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। हिमालय क्रांति पार्टी की सरकार बनने पर नागरिक सुरक्षा,आपदा प्रबंधन और वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा तंत्र स्थापित करना प्राथमिकता होगी। प्रदेश महासचिव डॉ.दिनेश सिंह बिष्ट ने दावा किया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में रवि बोड़ा का अनुभव,प्रशासनिक समझ और साफ-सुथरी छवि उन्हें अन्य दलों के उम्मीदवारों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा कि सेना और सुरक्षा सेवाओं में लंबे अनुभव के कारण रवि बोड़ा क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं और उनके पास विकास का स्पष्ट विजन है। उनके नेतृत्व में श्रीनगर विधानसभा में रोजगार,शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़क और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ठोस कार्य किए जाएंगे। यात्रा में पौड़ी जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत,राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राम दत्त,निर्मला जुयाल,ध्रुव सिंह भंडारी,मोहन सिंह,बृजेश चंद्र,अशोक कुमार,प्रदीप सिंह नेगी,जयपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। यात्रा के दौरान गांव-गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने जनता से संवाद किया और पहाड़ के सम्मान,सुरक्षा तथा समग्र विकास के मुद्दों पर हिमालय क्रांति पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाया। बॉर्डर से जनसेवा तक,बदलाव का संकल्प लेकर मैदान में उतरे रवि बोड़ा-इसी संदेश के साथ पहाड़ स्वाभिमान जनसंपर्क यात्रा श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आगे बढ़ रही है।