
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने और सड़क पर शक्ति प्रदर्शन कर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ पौड़ी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत श्रीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को कोतवाली श्रीनगर पुलिस को सूचना मिली कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली मार्ग के समीप दो युवक आपसी विवाद को लेकर सड़क पर मारपीट और हंगामा कर रहे हैं। दोनों के बीच चल रहे विवाद के कारण मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र होने लगी थी तथा क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी। सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि दोनों युवकों के बीच पूर्व में हुई कहासुनी और गाली-गलौज को लेकर विवाद चल रहा था,जो बाद में सड़क पर मारपीट और हंगामे में बदल गया। दोनों युवक सार्वजनिक स्थान पर आक्रामक व्यवहार करते हुए माहौल खराब कर रहे थे। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शांति व्यवस्था भंग करने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए दोनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर मारपीट,हंगामा,शक्ति प्रदर्शन अथवा किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि,झगड़े या कानून व्यवस्था से जुड़ी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें,ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।