कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास एवं लोकार्पण

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखते हुए कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने बुधवार को पैठाणी,पाबों और खिर्सू क्षेत्र के व्यापक

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखते हुए कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने बुधवार को पैठाणी,पाबों और खिर्सू क्षेत्र के व्यापक दौरे के दौरान करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। धार्मिक आस्था,जनकल्याण और आधारभूत विकास को एक साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस दौरे में मंत्री ने जहां एक ओर विकास कार्यों को धरातल पर गति देने का संदेश दिया,वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को भी गंभीरता से सुना। अपने पूरे दौरे के दौरान डॉ.रावत ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास को केवल शहरों तक सीमित रखना नहीं,बल्कि अंतिम छोर पर बसे गांवों तक सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य,बिजली और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का समग्र विकास तभी संभव है जब पर्वतीय क्षेत्रों को मजबूत आधारभूत सुविधाओं से जोड़ा जाए और ग्रामीणों को उनके घर के आसपास ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। दौरे की शुरुआत पैठाणी स्थित प्रसिद्ध राहु मंदिर से हुई,जहां कैबिनेट मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि,शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धार्मिक स्थलों के विकास कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं,ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और धार्मिक पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। इसके बाद पाबौ क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान डॉ.रावत ने 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बिडोली विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी तथा भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा सकेगा। इसी क्रम में उन्होंने राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पसीणा में 9.14 लाख रुपये की लागत से होने वाले भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही 2.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मोल्काखाल-टीला मोटर मार्ग के वन टाइम मेंटेनेंस कार्य का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होता है और सड़क सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ग्राम पिनाकोट,बगाड़ियूं,स्योली तल्ली एवं स्योली मल्ली के ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। खिर्सू क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोबरी में 30.70 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैंसवाड़ा में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा आवश्यक है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास की रोशनी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा,पेयजल,विद्युत और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा युवाओं,महिलाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विकास केवल भवनों और सड़कों के निर्माण तक सीमित नहीं है,बल्कि इसका उद्देश्य लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना,रोजगार के अवसर बढ़ाना और गांवों को सुविधासंपन्न बनाना है। इसी सोच के साथ सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिव चरण नौडियाल,हरेंद्र नेगी,गणेश नेगी राठी,वीरेंद्र रावत,मातवर सिंह रावत,धूम सिंह,शिव लाल,पंकज सिंह रावत,अनिल सिंह नेगी,ग्राम प्रधान टीला गीता देवी,दीपक त्रिपाठी,अनिल नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि,ग्रामीण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...