
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन को किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जनपद पौड़ी में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी,जिला शाखा की अध्यक्ष स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में सोमवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी परिसर में रेडक्रॉस जेनेरिक मेडिकल स्टोर का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक जेनेरिक दवाइयां अस्पताल परिसर में ही उचित एवं बेहद किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी,जिससे उपचार पर आने वाला आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने फीता काटकर स्टोर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक सुलभ,सुरक्षित और किफायती उपचार पहुंचाना है। जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन जनपद के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों सहित बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में ही जेनेरिक मेडिकल स्टोर की स्थापना मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को आवश्यक दवाइयों के लिए अस्पताल से बाहर भटकने या महंगी ब्रांडेड दवाइयां खरीदने की मजबूरी नहीं होगी। गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष राहत मिलेगी तथा उपचार की निरंतरता भी बनी रहेगी। डॉ.शुक्ला ने बताया कि जेनेरिक दवाइयां गुणवत्ता,प्रभावशीलता और सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों पर खरी उतरती हैं तथा इनके निर्माण और परीक्षण की प्रक्रिया भी निर्धारित राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होती है। उन्होंने कहा कि कम कीमत का अर्थ गुणवत्ता में कमी नहीं होता,बल्कि जेनेरिक दवाइयां समान प्रभाव के साथ मरीजों को आर्थिक राहत प्रदान करती हैं। उन्होंने आमजन से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील भी की। उन्होंने जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक जनोन्मुखी एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे गरीब,जरूरतमंद एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा और सस्ती दवा-बेहतर उपचार की अवधारणा को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया। उनका कहना था कि अस्पताल में ही कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उपचार और अधिक सुविधाजनक बन सकेगा। इस अवसर पर सीएमएस डॉ.एल.डी.सेमवाल,एसीएमओ डॉ.विनय कुमार त्यागी,भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन गणेश खुगशाल गणी,जिला सचिव केसर सिंह असवाल,कार्यकारिणी सदस्य डॉ.मदन मोहन नौडियाल,दलवीर सिंह बिष्ट,दीपक खनसूली,फार्मासिस्ट सौरभ पटवाल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अन्य अधिकारी,कर्मचारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।