पाबौ जनसेवा शिविर में शासन पहुंचा गांव के द्वार-सैकड़ों समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में विकासखंड पाबौ

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में विकासखंड पाबौ में सोमवार को आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर जनविश्वास का सशक्त मंच बनकर उभरा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही परिसर में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराते हुए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं,जिनमें अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर प्रशासन की संवेदनशील एवं जनोन्मुखी कार्यशैली का परिचय दिया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को तत्काल योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और अनेक आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकीं। खंड विकास अधिकारी एवं शिविर के नोडल अधिकारी हरेंद्र कोली ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सरल,पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनसेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन रहे हैं। इससे लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान होने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की वास्तविक पहुंच भी सुनिश्चित हो रही है। शिविर में कुल 287 आवेदन प्राप्त हुए,जिनमें से 272 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,जबकि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई। कृषि एवं उद्यान विभाग ने 17 किसानों को पौधे,उर्वरक एवं कृषि संबंधी सामग्री वितरित कर आधुनिक खेती के लिए प्रेरित किया। ग्रामोत्थान एवं एनआरएलएम के माध्यम से 10 लाभार्थियों को स्वरोजगार,उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहायता प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग ने 167 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया,जबकि आयुष विभाग ने 81 लोगों को स्वास्थ्य परामर्श एवं आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 4 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की, वहीं राजस्व विभाग ने 3 लोगों को प्रमाण-पत्र संबंधी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों ने भी लोगों की शिकायतें सुनकर अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा आवश्यक मामलों में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा लोगों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में कनिष्ठ उप प्रमुख शिवानी देवी,जिला पंचायत सदस्य भरत रावत,क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप रावत,पूर्व नगर पालिका अध्यक्षा पौड़ी राजेंद्र प्रसाद टम्टा,जिला परियोजना अधिकारी संजीव काला,एडीओ समाज कल्याण प्रिया उपाध्याय,सीडीपीओ चंद्रकांता काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे शिविर में जनसहभागिता,पारदर्शिता और सेवा भावना का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला,जिसने शासन की जनकल्याणकारी सोच को जमीनी स्तर पर साकार करने का संदेश दिया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...