
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन को एक ही स्थान पर त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा,सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड बीरोंखाल सभागार में भव्य जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही छत के नीचे सरकारी योजनाओं,प्रमाण-पत्रों,स्वास्थ्य सेवाओं,पेंशन,कृषि सहायता तथा अन्य जनहितकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया। शिविर के दौरान कुल 276 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड माटी कला बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री (दर्जाधारी मंत्री) अनुराधा वालिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से सीधे संवाद किया तथा योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस अवसर पर अनुराधा वालिया ने कहा कि जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण है। ऐसे जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच प्रभावी सेतु का कार्य कर रहे हैं,जहां ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के सरकारी योजनाओं,प्रमाण-पत्रों,पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सहज रूप से उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों में भाग लेने तथा अन्य पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी योजनाओं का व्यापक लाभ वितरित किया गया। कृषि एवं उद्यान विभाग ने 22 किसानों को कृषि सामग्री एवं पौध वितरित किए। बाल विकास विभाग ने 11 पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 98 तथा आयुष विभाग ने 70 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 32 पात्र लाभार्थियों को वृद्धावस्था,दिव्यांग एवं विधवा पेंशन योजनाओं से लाभान्वित किया। राजस्व विभाग ने 13 लोगों को कृषक प्रमाण-पत्र एवं खाता-खतौनी की प्रतियां उपलब्ध कराईं। वहीं रीप एवं एनआरएलएम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार लगभग 30 स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय भी किया गया,जिससे महिला समूहों को आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया तथा समयबद्ध ढंग से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं आवेदन भी प्रस्तुत किए,जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी,ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी,खंड विकास अधिकारी एस.एस.बुटोला,क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम सिंह नेगी,ग्राम प्रधान राजे सिंह,मंडल अध्यक्ष ओम पाल बिष्ट,यशवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जनसेवा शिविर ने एक बार फिर यह साबित किया कि जब शासन स्वयं जनता के द्वार पहुंचता है,तो योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी,पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचता है।