एनआईटी उत्तराखण्ड ने रचा सफलता का नया इतिहास-66 प्रतिशत प्लेसमेंट और 32.20 लाख के सर्वोच्च पैकेज से बढ़ाया श्रीनगर का गौरव

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान एनआईटी उत्तराखण्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्लेसमेंट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण इंटर्नशिप में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान एनआईटी उत्तराखण्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्लेसमेंट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण इंटर्नशिप में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। चुनौतीपूर्ण रोजगार बाजार और उद्योगों में भर्ती की धीमी रफ्तार के बावजूद संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश की अनेक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय एवं अग्रणी कंपनियों में रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त किए हैं। संस्थान की यह सफलता गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा,उद्योगों से सुदृढ़ समन्वय और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण मानी जा रही है। संस्थान के करियर परामर्श एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ.हरिहरन मुथुस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में संस्थान ने 66 प्रतिशत प्लेसमेंट प्राप्त किया,जबकि इंटर्नशिप के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतिष्ठित कंपनियों में स्थान बनाया। उन्होंने बताया कि इस प्लेसमेंट अभियान में देश की अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया,जिससे विद्यार्थियों को उत्कृष्ट करियर के अवसर प्राप्त हुए। संस्थान के प्रभारी निदेशक प्रो. के.के.शुक्ला ने प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य और रोजगार के चुनौतीपूर्ण माहौल के बावजूद विद्यार्थियों की यह सफलता अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय संकाय सदस्यों,विभागीय प्लेसमेंट समन्वयकों,करियर परामर्श एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ तथा उद्योग जगत के सहयोगियों को दिया,जिनके समर्पित प्रयासों से संस्थान ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इस वर्ष संस्थान का सर्वोच्च वार्षिक वेतन पैकेज 32.20 लाख रुपये रहा,जो क्वालकॉम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी विभाग के छात्र हर्ष कुमार को प्रदान किया गया। वहीं औसत वार्षिक वेतन पैकेज 8 लाख रुपये तथा माध्य (मीडियन) वार्षिक वेतन पैकेज 7.5 लाख रुपये दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के छात्र अदिति जोशी का चयन ऑप्टिम में 18 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुआ,जबकि मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा कनिका डबराल को श्नाइडर इलेक्ट्रिक में 12 लाख रुपये वार्षिक पैकेज का नियुक्ति प्रस्ताव प्राप्त हुआ। वहीं कंप्यूटर विज्ञान,इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागों के 10 विद्यार्थियों का चयन एक्सेंचर में 11 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुआ। विभागवार प्रदर्शन में कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग ने 82.35 प्रतिशत प्लेसमेंट के साथ सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसके बाद मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 71 प्रतिशत,सिविल इंजीनियरिंग में 70 प्रतिशत,इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 68 प्रतिशत तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी में 36 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज किया गया। प्लेसमेंट अभियान में ऑप्टिम,क्वालकॉम इंडिया,अमेजन लैब्स,श्नाइडर इलेक्ट्रिक,एक्सेंचर,इन्फोसिस,एमएक्यू सॉफ्टवेयर,आईबीएम,लार्सन एंड टुब्रो,रिलायंस इंडस्ट्रीज़,गोदरेज प्रॉपर्टीज़,एमक्यूब लिमिटेड,आईएसजीईसी हेवी इंजीनियरिंग,सीमॉन्ड्स,फिजिक्स वाला सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इंटर्नशिप के क्षेत्र में भी एनआईटी उत्तराखण्ड ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। ऑड सेमेस्टर 2025 एवं ईवन सेमेस्टर 2026 के दौरान विद्यार्थियों को कुल 36 इंटर्नशिप प्राप्त हुईं। इनमें सर्वाधिक 60 हजार रुपये प्रतिमाह का स्टाइपेंड क्वालकॉम इंडिया द्वारा छात्र हर्ष कुमार को प्रदान किया गया। राजनंदिनी मेहता और श्रेय चमोली को अमेजन लैब्स में 50 हजार रुपये प्रतिमाह,अदिति जोशी को ऑप्टिम में 40 हजार रुपये प्रतिमाह,जबकि अदिति शर्मा एवं हर्ष प्रताप सिंह राणा को एमएक्यू सॉफ्टवेयर में 36 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड पर इंटर्नशिप प्राप्त हुई। विद्यार्थियों ने ऑप्टिम,एमएक्यू सॉफ्टवेयर,आईबीएम,क्वालकॉम इंडिया,सीमॉन्ड्स,एमक्यूब लिमिटेड,टाइटन,भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (इसरो परियोजना),आईएसजीईसी,सगेशियस एलीवेट,वेंचुरा सिक्योरिटीज़ सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यावहारिक अनुभव अर्जित किया। करियर परामर्श एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ.हरिहरन मुथुस्वामी ने चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान भविष्य में उद्योगों के साथ अपने सहयोग को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि लक्षित प्रशिक्षण कार्यक्रमों,नवाचार आधारित शिक्षा और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के माध्यम से आने वाले वर्षों में एनआईटी उत्तराखण्ड प्लेसमेंट और इंटर्नशिप के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में अपनी पहचान और अधिक सशक्त बनाएगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...