सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल में स्वास्थ्य सेवा का महाअभियान-तीन दिवसीय विशेषज्ञ शिविर में 668 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विकासखंड कल्जीखाल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विकासखंड कल्जीखाल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हुआ। 16 से 18 जुलाई तक चले इस विशेष शिविर में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे 668 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श,स्वास्थ्य परीक्षण,आवश्यक जांचों एवं विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होने से उन्हें जिला मुख्यालय अथवा बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़े,जिससे समय और धन दोनों की बचत हुई। चिकित्सा शिविर में सामान्य रोग विशेषज्ञ,अस्थि रोग विशेषज्ञ,स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही एक्स-रे,विभिन्न प्रकार की रक्त जांच,मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच,मुख कैंसर,गर्भाशय ग्रीवा कैंसर तथा स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी निःशुल्क की गईं। गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व स्वास्थ्य जांच (एएनसी) कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई। पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी शिविर के दौरान बनाए गए। आंकड़ों के अनुसार शिविर में 668 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 225 मरीजों की जांच सामान्य रोग विशेषज्ञ द्वारा,170 मरीजों का परीक्षण अस्थि रोग विशेषज्ञ द्वारा,23 गर्भवती महिलाओं की जांच स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ द्वारा तथा 44 मरीजों की जांच नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा की गई। इसके अतिरिक्त 168 लोगों की रक्त जांच,90 लोगों के क्षय रोग (टीबी) की पहचान के लिए एक्स-रे तथा 8 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को समय पर जांच कराने,संतुलित आहार अपनाने,नियमित व्यायाम करने तथा गंभीर बीमारियों की शीघ्र पहचान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को यह संदेश दिया गया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से अनेक गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक चरण में ही पता लगाया जा सकता है,जिससे उनका प्रभावी उपचार संभव हो जाता है। शिविर में उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर से आई स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ.समीक्षा वर्मा,डॉ.मोहित कुमार,डॉ.दिगपाल,जयंती डबराल,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.मीनाक्षी वर्मा,ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक शरद रौतेला,अंकित बागवानी सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उनके क्षेत्र में उपलब्ध होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...