
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकास की नई राह पर तेजी से अग्रसर श्रीनगर नगर क्षेत्र अब आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाने जा रहा है। लंबे समय से नगरवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग अब साकार होने वाली है। जल्द ही श्रीनगर की सड़कों पर पहली बार आधुनिक 30-सीटर सिटी बस दौड़ती नजर आएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा नागरिक सुविधाओं के विस्तार,शहरी परिवहन को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इससे नई गति मिलेगी। यह पहल न केवल शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी,बल्कि श्रीनगर के सुनियोजित शहरी विकास और जनसुविधाओं को भी नई पहचान प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार शहरी क्षेत्रों में आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में श्रीनगर नगर क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित सौगात मिलने जा रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की पहल पर श्रीनगर नगर क्षेत्र में पहली बार आधुनिक 30-सीटर सिटी बस संचालित किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इससे नगरवासियों को सुरक्षित,सुगम और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्धारित शासकीय प्रक्रिया के तहत क्रय समिति द्वारा जैम पोर्टल के माध्यम से टाटा मोटर्स की 30-सीटर आधुनिक सिटी बस का क्रय किया जा रहा है। बस की कुल लागत 22,50,429 रुपये निर्धारित की गई है,जिसके लिए जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। सिटी बस का स्वामित्व नगर निगम श्रीनगर को हस्तांतरित किया जाएगा,जिसके बाद नगर निगम इसके नियमित,सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन की जिम्मेदारी निभाएगा। बस सेवा प्रारंभ होने के बाद नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों,प्रमुख बाजारों,शैक्षणिक संस्थानों,अस्पतालों तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े स्थानों तक आवागमन पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सरल,सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा। इस सुविधा का सर्वाधिक लाभ विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं,महिलाओं,वरिष्ठ नागरिकों,दिव्यांगजनों,सरकारी एवं निजी कर्मचारियों तथा प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को मिलेगा। साथ ही बाजार,अस्पताल,बैंक,कार्यालय तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक सुगम पहुंच सुनिश्चित होने से आम नागरिकों के समय और धन दोनों की बचत होगी। सिटी बस सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी,यातायात का दबाव घटेगा,सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने से ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी,जिससे श्रीनगर नगर क्षेत्र अधिक स्वच्छ,व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित होगा। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कहा कि श्रीनगर एक प्रमुख शैक्षणिक,स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक केंद्र है,जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सिटी बस सेवा प्रारंभ होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन,जनकल्याण और समावेशी विकास के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में आवश्यकता के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का और विस्तार भी किया जाएगा,ताकि नगर क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण परिवहन सुविधा का लाभ मिल सके। श्रीनगर नगर क्षेत्र में सिटी बस सेवा का शुभारंभ केवल एक नई बस का संचालन भर नहीं होगा,बल्कि यह शहर के आधुनिक शहरी विकास,बेहतर यातायात प्रबंधन,पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे श्रीनगर को एक सुव्यवस्थित,आधुनिक और जनहितैषी नगर के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।