
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान एनआईटी उत्तराखंड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमएससी तथा एमटेक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में स्व-वित्तपोषित सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। संस्थान ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह उन विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट अवसर है जो देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं। संस्थान द्वारा जारी सूचना के अनुसार सीसीएमएन-2026 के राष्ट्रीय विशेष चरण के उपरांत एमएससी.भौतिकी,रसायन विज्ञान एवं गणित की रिक्त सीटों पर स्व-वित्तपोषित प्रवेश दिए जाएंगे। इसके साथ ही सीसीएमटी-2026 के अंतर्गत रिक्त बची सीटों तथा उपलब्ध 25 पूर्णकालिक स्व-वित्तपोषित एम.टेक सीटों पर भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सीटों के माध्यम से सिविल अभियांत्रिकी,संगणक विज्ञान एवं अभियांत्रिकी,विद्युत अभियांत्रिकी,इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी तथा मैकेनिकल अभियांत्रिकी जैसे प्रमुख विभागों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। संस्थान का उद्देश्य योग्य एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है। महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि-4 अगस्त,पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी-6 अगस्त,आवश्यक होने पर लिखित परीक्षा-10 अगस्त संस्थान में रिपोर्टिंग-17 एवं 18 अगस्त,कक्षाओं का शुभारंभ-19 अगस्त 2026। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि यदि आवश्यक हुआ तो पात्र अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों में संस्थान पहुंचकर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। संस्थान प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा है कि शुल्क,न्यूनतम पात्रता,उपलब्ध सीटों का विवरण,आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पूर्व सभी नियम एवं शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन अवश्य करें। एनआईटी उत्तराखंड द्वारा प्रारंभ की गई यह प्रवेश प्रक्रिया उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है जो राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,उत्कृष्ट शोध वातावरण तथा बेहतर रोजगार संभावनाओं के साथ अपना उज्ज्वल भविष्य बनाना चाहते हैं।