किताबों से निकलकर प्रयोगशाला तक पहुंचा विज्ञान-डॉ.अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय में आकर ले रही नई पीढ़ी की वैज्ञानिक सोच

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विज्ञान अब केवल किताबों के पन्नों तक सीमित नहीं रहा,बल्कि प्रयोगों,अनुभवों और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों की सोच को नई दिशा दे रहा है। उत्तराखंड सरकार

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विज्ञान अब केवल किताबों के पन्नों तक सीमित नहीं रहा,बल्कि प्रयोगों,अनुभवों और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों की सोच को नई दिशा दे रहा है। उत्तराखंड सरकार की आधुनिक एवं प्रयोगात्मक शिक्षा की परिकल्पना को जनपद पौड़ी गढ़वाल में साकार करता डॉ.अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय आज विद्यार्थियों के लिए ज्ञान,जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच का सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां पहुंचने वाला प्रत्येक छात्र विज्ञान को पढ़ता ही नहीं,बल्कि उसे स्वयं देखकर,समझकर और प्रयोग करके महसूस भी कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप तथा जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में जिला योजना के अंतर्गत विकसित इस अत्याधुनिक विज्ञान संग्रहालय में प्रतिदिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के दल पहुंच रहे हैं। संग्रहालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को रटने की परंपरागत शिक्षा से आगे बढ़ाकर प्रयोगात्मक,संवादात्मक और नवाचार आधारित शिक्षा से जोड़ना है। यही कारण है कि यह संग्रहालय कम समय में ही विद्यार्थियों,शिक्षकों और अभिभावकों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। देखो,समझो और स्वयं करके सीखो की अवधारणा पर विकसित इस विज्ञान संग्रहालय में प्रकाशिकी,गतिज ऊर्जा,स्थितिज ऊर्जा,गतिशील ऊर्जा,मानव शरीर की संरचना एवं कार्यप्रणाली,गणित,भौतिकी,पर्यावरण,अंतरिक्ष विज्ञान तथा आधुनिक तकनीकी नवाचार से जुड़े अनेक संवादात्मक मॉडल स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक मॉडल को इस प्रकार विकसित किया गया है कि विद्यार्थी स्वयं प्रयोग कर वैज्ञानिक सिद्धांतों को सहज रूप से समझ सकें। संग्रहालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां भवन की दीवारें,फर्श,सीढ़ियां और अन्य संरचनाएं भी शिक्षा का माध्यम बन गई हैं। भवन ही शिक्षण सहायक तथा करके सीखो की अवधारणा पर तैयार इस संग्रहालय में हर कोना विद्यार्थियों को नई जानकारी और नया अनुभव प्रदान करता है। प्रशिक्षित प्रदर्शनकर्ता वैज्ञानिक उपकरणों और मॉडलों की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाते हैं,जिससे जटिल वैज्ञानिक अवधारणाएं भी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत सहज और रोचक बन जाती हैं। महान वैज्ञानिकों के जीवन,उनके आविष्कारों और विज्ञान में उनके योगदान पर आधारित आकर्षक प्रकाशयुक्त प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुसंधान,नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा भी दी जा रही है। संग्रहालय का आधुनिक स्वरूप बच्चों में तार्किक क्षमता,विश्लेषणात्मक सोच और समस्या समाधान की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यालयों से आए शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान संग्रहालय कक्षा शिक्षण का प्रभावी पूरक सिद्ध हो रहा है। यहां विद्यार्थी केवल सिद्धांत नहीं पढ़ते,बल्कि उन्हें प्रत्यक्ष रूप से देखकर और स्वयं प्रयोग कर समझते हैं। इससे विज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ने के साथ-साथ सीखने की क्षमता भी अधिक विकसित हो रही है। राजकीय इंटर कॉलेज दोमटखाल के कक्षा 12 के छात्र पीयूष चौहान ने कहा कि संग्रहालय का भ्रमण उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा। यहां विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों और प्रयोगों को नजदीक से समझने का अवसर मिला,जिससे विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा और बढ़ी है। वहीं छात्र पार्थ नैथानी ने कहा कि संग्रहालय में स्थापित संवादात्मक मॉडल विज्ञान को सरल और रोचक बना रहे हैं। यहां प्राप्त अनुभव उनके लिए यादगार रहेगा और भविष्य में भी वे यहां आकर नई जानकारियां प्राप्त करना चाहेंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना ने बताया कि जनपद के अधिकाधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को विज्ञान संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच,नवाचार,अनुसंधान और प्रयोगात्मक शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय नई शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह विज्ञान संग्रहालय न केवल पौड़ी जनपद,बल्कि पूरे उत्तराखंड के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान शिक्षा का प्रेरणादायी केंद्र बनेगा और नई पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण,नवाचार तथा अनुसंधान की संस्कृति को मजबूत आधार प्रदान करेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...