गढ़वाल मंडल में जनसुरक्षा पर आयुक्त का सख्त रुख-मिलावटखोरों,लापरवाह विभागों और लंबित मामलों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडल में जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान,खाद्य एवं औषधि सुरक्षा की सुदृढ़ निगरानी तथा विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडल में जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान,खाद्य एवं औषधि सुरक्षा की सुदृढ़ निगरानी तथा विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा में गढ़वाल मंडल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा,पारदर्शी प्रशासन और समयबद्ध कार्य संस्कृति है। ऐसे में किसी भी विभाग में लापरवाही,अनावश्यक विलंब अथवा जनहित की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। इन्हीं प्राथमिकताओं को केंद्र में रखते हुए गुरुवार को आयुक्त सभागार पौड़ी में आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग,वन विभाग,उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा क्षेत्रीय पुरातत्व विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं,विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आयुक्त ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान होटलों,ढाबों,भोजनालयों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता,स्वच्छता और मूल्य सूची का अनिवार्य रूप से प्रदर्शन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन,पेयजल अथवा औषधियों का वितरण करने वाली संस्थाओं की भी नियमित जांच की जाए,ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के लिए खतरा न बन सके। उन्होंने खाद्य पदार्थों में बढ़ती मिलावट की प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि खाद्य निर्माण एवं पैकेजिंग इकाइयों की नियमित नमूना जांच कराई जाए। यदि किसी भी स्तर पर मिलावट,मानकों का उल्लंघन अथवा गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। औषधि नियंत्रण विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के अंतर्गत लंबित 38 तथा स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के 47 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औषधि निर्माण इकाइयों,थोक दवा विक्रेताओं तथा पूरी दवा आपूर्ति श्रृंखला पर सतत निगरानी रखी जाए तथा दवाओं की गुणवत्ता,भंडारण और बिक्री से संबंधित सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। बैठक में विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को पूरे गढ़वाल मंडल में स्थापित ट्रांसफार्मरों,विद्युत पोलों तथा झूलती एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों का व्यापक सुरक्षा परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर कोई कमी या खतरा चिन्हित हो,वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए,जिससे विद्युत दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके। आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय विभागों द्वारा विद्युत बिलों का भुगतान पूरे वित्तीय वर्ष के दौरान नियमित रूप से कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मार्च माह में एकमुश्त भुगतान की परंपरा समाप्त करते हुए मासिक अथवा निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए,जिससे अनावश्यक वित्तीय भार और देनदारियों से बचा जा सके। बैठक में वन विभाग को वर्षा ऋतु के दौरान वृहद स्तर पर वनीकरण अभियान में तेजी लाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वहीं क्षेत्रीय पुरातत्व विभाग को मंडल के संरक्षित धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने तथा उनके संरक्षण संबंधी कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। बैठक के अंत में आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी आमजन तक पहुंचेगा,जब प्रत्येक विभाग जिम्मेदारी,पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य वन संरक्षक आकाश वर्मा,अपर निदेशक अर्थ एवं संख्या गीतांजलि शर्मा,उप आयुक्त खाद्य सुरक्षा आर.एस.रावत,सहायक औषधि नियंत्रक डॉ.सुधीर कुमार,उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधि एम.डी.सिंह,प्रभारी इकाई पौड़ी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट,संरक्षण सहायक अनिल नेगी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...