
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और प्रबल करने के उद्देश्य से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे इस अभियान का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर एन.एस.पंवार ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी,शिक्षक,कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस अभियान को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों,शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रप्रेम,राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन अवसर पर कार्यवाहक कुलपति प्रो.एन.एस.पंवार ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं,बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान,गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा रैलियों,सांस्कृतिक कार्यक्रमों,खेलकूद प्रतियोगिताओं,ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ा जाएगा। विश्वविद्यालय में होंगे देशभक्ति के रंगारंग कार्यक्रम अभियान के नोडल अधिकारी एवं पृथ्वी विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रोफेसर महाबीर सिंह नेगी ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कुलपति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। 12 अगस्त को चौरास परिसर तथा 15 अगस्त को बिरला परिसर में प्रात 7.30 बजे से तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इन रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा। तिरंगा रैली के संयोजन की जिम्मेदारी डॉ.राकेश नेगी,डॉ.सुरेंद्र बिष्ट,डॉ.रजनी नौटियाल एवं डॉ.सुरेंद्र कुंवर को दी गई है। 14 अगस्त को बिरला परिसर के ड्राइंग एवं पेंटिंग विभाग में रंगोली एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थी अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त करेंगे। इसकी संयोजक डॉ.नेहा मर्तोलिया होंगी। वहीं 13 अगस्त को भूगोल विभाग चौरास परिसर में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके संयोजक डॉ.नरेंद्र कुमार एवं डॉ.कौशल होंगे। अभियान के तहत 13 अगस्त को प्रशासनिक भवन श्रीनगर स्थित खेल मैदान में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विद्यार्थियों,शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच वॉलीबॉल एवं रस्साकशी प्रतियोगिताएं होंगी। इन प्रतियोगिताओं के संयोजक डॉ.मोहित बिष्ट एवं डॉ.गुरदीप सिंह होंगे। इसके साथ ही 13 अगस्त को तिरंगा बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी। इसके संयोजन का दायित्व डॉ.गांधी चौहान,हेम जोशी एवं छात्र संघ प्रतिनिधियों को सौंपा गया है। 14 अगस्त को संगीत विभाग बिरला परिसर में देशभक्ति आधारित संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और संगीत के माध्यम से राष्ट्रीय भावना को अभिव्यक्ति दी जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर वाई.पी.रैवानी ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में गढ़वाल विश्वविद्यालय अपनी सक्रिय एवं अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से अभियान के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल सिंह बिष्ट ने भी छात्र-छात्राओं से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। अभियान के कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए मीडिया एवं सामाजिक माध्यम प्रबंधन की जिम्मेदारी डॉ.कपिल पंवार,डॉ.साकेत भारद्वाज,जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा एवं राजेंद्र सिंह नेगी को सौंपी गई है। कार्यक्रम में मानविकी संकायाध्यक्ष प्रोफेसर हरिभजन सिंह चौहान,मुख्य नियंता प्रोफेसर दीपक कुमार,मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ.सुरेंद्र सिंह बिष्ट,डॉ.गुरदीप सिंह,डॉ.मोहित बिष्ट,डॉ.गांधी चौहान,डॉ.कपिल पंवार,सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी,पूर्व कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भंडारी,छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल सिंह बिष्ट,उपाध्यक्ष शिवांग नौटियाल,महासचिव अनिरुद्ध पुरोहित,विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी,कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम,राष्ट्रीय एकता,अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।