
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ों में स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती केवल व्यवस्था का विषय नहीं,बल्कि ग्रामीण जनता के जीवन और सुरक्षा से सीधे जुड़ा सवाल है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ही आम ग्रामीणों के लिए बीमारी,दुर्घटना अथवा आकस्मिक स्वास्थ्य संकट की स्थिति में सबसे पहली उम्मीद बनते हैं। ऐसे में इन स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं और पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ का उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। इसी क्रम में विकासखंड थलीसैंण के जिला पंचायत क्षेत्र संख्या-29 टीला के जिला पंचायत सदस्य डॉ.शिवचरण नौडियाल ने पौड़ी मुख्यालय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल से मुलाकात कर राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से उठाया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही ग्रामीणों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। डॉ.नौडियाल ने सीएमओ के समक्ष स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था,भवनों की मरम्मत तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता का मुद्दा प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि पैठाणी और आसपास के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं की पहली महत्वपूर्ण कड़ी है। सामान्य बीमारी से लेकर अचानक उत्पन्न होने वाली आपातकालीन परिस्थितियों में ग्रामीण सबसे पहले इसी केंद्र का रुख करते हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की जांच,प्राथमिक उपचार तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थान के लिए रेफर करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। इसलिए यहां पर्याप्त संसाधन,चिकित्सकीय स्टाफ और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। डॉ.नौडियाल ने विशेष रूप से स्वास्थ्य केंद्र के आवासीय भवनों में पेयजल और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यदि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय भवनों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो वे स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रहकर अपनी सेवाएं दे सकेंगे। आपातकालीन परिस्थितियों में क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा और उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि उनके पूर्व आग्रह पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पैठाणी स्वास्थ्य केंद्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया था और वहां की समस्याओं का जायजा लिया गया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए अब विभागीय स्तर पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने डॉ.नौडियाल द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने पैठाणी स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल,विद्युत,भवन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप प्रभावी कदम उठाने की बात कही। डॉ.शिवचरण नौडियाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े और गंभीर अथवा आपातकालीन स्थिति में उन्हें अपने क्षेत्र में ही समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके,यही उनका प्रयास है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत किया जाना ग्रामीणों के हित में बेहद जरूरी है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल का समस्याओं को गंभीरता से लेने और उनके शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन देने पर आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पैठाणी स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं का जल्द समाधान होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।