
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। घरेलू एलपीजी कनेक्शनों को लेकर उपभोक्ताओं की पहचान एवं अभिलेखों को अद्यतन करने की प्रक्रिया में जनपद पौड़ी गढ़वाल ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। जिले में चल रही एलपीजी ई-केवाईसी प्रक्रिया के तहत अब तक 1,82,370 घरेलू उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। कुल 2,31,350 घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं में से 78 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रशासन का फोकस शेष उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूर्ण कराने पर है। जनपद में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड आईओसीएल,भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड बीपीसीएल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड एचपीसीएल से जुड़े घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 2,31,350 घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं,जिनमें से 1,82,370 उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है। कंपनीवार आंकड़ों पर नजर डालें तो आईओसीएल के 1,21,756,बीपीसीएल के 37,593 तथा एचपीसीएल के 23,021 घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। आंकड़े बताते हैं कि जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने एलपीजी कनेक्शन को अद्यतन करा चुके हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के अंतर्गत जिले में कुल 25,555 उपभोक्ता हैं। इनमें से 22,414 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। इससे पीएमयूवाई श्रेणी में भी ई-केवाईसी प्रक्रिया की अच्छी प्रगति सामने आई है। शेष उपभोक्ताओं से प्रक्रिया पूरी करने की अपील जिला प्रशासन ने उन उपभोक्ताओं से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है,जिनकी प्रक्रिया अभी लंबित है। प्रशासन ने कहा है कि उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया तथा इससे जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उपभोक्ताओं से यह भी अनुरोध किया गया है कि ई-केवाईसी अथवा एलपीजी कनेक्शन से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों और संबंधित गैस एजेंसी से ही संपर्क करें तथा किसी अनधिकृत व्यक्ति या स्रोत के झांसे में न आएं। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद पौड़ी में एलपीजी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी का कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि शेष उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी को लेकर संबंधित तेल कंपनियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिनकी ई-केवाईसी अभी पूरी नहीं हुई है,वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अधिकृत गैस एजेंसी अथवा संबंधित विभाग से ही जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। जनपद में 78 प्रतिशत से अधिक घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी होने के बाद अब शेष करीब 49 हजार उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी कराना प्रशासन और संबंधित तेल कंपनियों के लिए अगला लक्ष्य है। ई-केवाईसी की यह प्रक्रिया उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन से जुड़े रिकॉर्ड को अद्यतन रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जिले में अब तक हुई प्रगति के बाद उम्मीद है कि शेष उपभोक्ता भी समय रहते अपनी ई-केवाईसी पूरी कराकर एलपीजी कनेक्शन से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखेंगे।