
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कीर्तिनगर स्थित प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र लोस्तू महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का विधायक विनोद कंडारी ने विधिवत शिलान्यास किया। मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं सुविधाओं के विकास के लिए 95.95 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं की अपेक्षाओं से जुड़े इस कार्य के शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों के संरक्षण और उनके सुनियोजित विकास को प्राथमिकता दे रही है। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखने वाले स्थलों को आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोस्तू महादेव मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं,बल्कि क्षेत्र की समृद्ध पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यहां आने वाले तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं है,बल्कि क्षेत्र की मूल पहचान और धार्मिक महत्व को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का समावेश करना भी है। लोस्तू महादेव मंदिर के विकास से आने वाले समय में यह स्थल धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। शिलान्यास कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गहड़ उषा देवी,ब्लॉक प्रमुख हिंडोलाखाल विनोद बिष्ट,नगर पालिका अध्यक्ष देवप्रयाग ममता देवी,मंडल अध्यक्ष देवप्रयाग ग्रामीण नरेंद्र रावत,मंडल अध्यक्ष कीर्तिनगर कुलदीप रावत,ब्रिगेडियर प्रभात भण्डारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने लोस्तू महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत धनराशि और कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की। ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर के विकसित होने से श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र की धार्मिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विधायक विनोद कंडारी का आभार व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा किए जाने की अपेक्षा जताई। शिलान्यास कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने बाबा लोस्तू महादेव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि,खुशहाली और शांति की कामना की। मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और विकास की नई उम्मीद के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।