
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी कर कृत्रिम संकट पैदा करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपभोक्ताओं को चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और बाजार में अनावश्यक भंडारण पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने जनपदभर में व्यापक निगरानी अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में विभाग की 11 टीमों ने एक साथ विभिन्न बाजारों में औचक छापेमारी कर खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया और चीनी के स्टॉक एवं उपलब्धता की स्थिति परखी। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजारों में दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। विभागीय टीमों ने दुकानदारों से उपलब्ध स्टॉक की जानकारी लेने के साथ ही उन्हें निर्धारित नियमों का पालन करने तथा चीनी का अनावश्यक रूप से भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जमाखोरी,कालाबाजारी अथवा अवैध बिक्री में किसी भी व्यापारी के संलिप्त पाए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग की 11 टीमों द्वारा जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ निरीक्षण अभियान चलाया गया। टीमों ने कोटद्वार,पौड़ी,श्रीनगर,पाबों,लैंसडाउन,सतपुली,लक्ष्मणझूला,चौबट्टाखाल,रिखणीखाल,दुगड्डा और उफरैंखाल के बाजारों में खाद्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों पर चीनी की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति की जांच की गई। विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित नियमों के अनुरूप ही खाद्य सामग्री का भंडारण और बिक्री की जाए तथा बाजार में कृत्रिम अभाव पैदा करने के उद्देश्य से चीनी का अनावश्यक भंडारण न किया जाए। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच के दौरान कोई व्यापारी चीनी का अवैध भंडारण,निर्धारित नियमों के विपरीत बिक्री या कालाबाजारी करते पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय टीमें बाजारों में लगातार निगरानी कर रही हैं और आने वाले दिनों में भी नियमित तथा औचक निरीक्षण का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य बाजार में आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता बनाए रखना और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है। प्रशासन की इस कार्रवाई का सीधा उद्देश्य उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। त्योहारों अथवा मांग बढ़ने के समय खाद्य सामग्री की कृत्रिम कमी पैदा कर कीमतों को प्रभावित करने की कोशिशों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। जिला प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित सभी नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि से दूर रहें। वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाजारों में उपलब्धता और कीमतों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। प्रशासन की इस व्यापक कार्रवाई से यह साफ संकेत गया है कि जनपद में चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं होगी। आने वाले दिनों में भी चेकिंग अभियान जारी रहने से नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई का शिकंजा और कसने की उम्मीद है।