राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ-मैदान में दिखा बालिका खिलाड़ियों का जोश और जज्बा

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बालिका क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्व.पंडित जगराम गौड़

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बालिका क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्व.पंडित जगराम गौड़ की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को चौरास स्थित गढ़वाल विश्वविद्यालय के खेल मैदान में उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में होली ऐंजिल स्कूल देवली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसी मैमोरियल स्कूल को 20 रन से पराजित कर विजयी आगाज किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ रंगकर्मी विमल प्रसाद बहुगुणा,रोटरी क्लब अलकनंदा वैली के अध्यक्ष धनेश उनियाल,सचिव अजय प्रकाश जोशी,प्रदीप मल्ल,राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलेथा की पूर्व प्रधानाचार्य बीना मेहरा एवं उम्मेद सिंह मेहरा ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन मुकाबले में दोनों टीमों की बालिका खिलाड़ियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। होली ऐंजिल स्कूल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और अंततः आरसी मैमोरियल स्कूल को 20 रन के अंतर से शिकस्त देकर प्रतियोगिता में जीत के साथ अपना खाता खोला। इस अवसर पर रोटरी क्लब अलकनंदा वैली के अध्यक्ष धनेश उनियाल ने कहा कि बालिकाओं में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें बेहतर प्रशिक्षण,पर्याप्त सुविधाएं और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि खेल बालिकाओं में आत्मविश्वास,अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक बालिका वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता एवं महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के संस्थापक देवेंद्र गौड़ द्वारा पिछले नौ वर्षों से लगातार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना सराहनीय प्रयास है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से क्षेत्र की बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन और मेहनत के बल पर बेटियां राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। आयोजक देवेंद्र गौड़ ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच देना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की बालिका क्रिकेट टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। आने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। बालिका खिलाड़ियों ने पूरे अनुशासन,आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर मंगत मठियाल,कुलदीप कुमार, उपासना भट्ट,दीपा भट्ट सहित आयोजक,खेलप्रेमी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...