
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर की शैक्षणिक उपलब्धियों में शनिवार को एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। विश्वविद्यालय में कार्यरत डॉ.मनीषा निगम को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने डॉ.मनीषा निगम को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। देश के उच्च शिक्षा जगत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रदान किए जाने वाले इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए डॉ.मनीषा निगम का चयन देशभर से चुने गए 21 शिक्षकों में हुआ। विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों,केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा अन्य प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के बीच गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की शिक्षिका का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना विश्वविद्यालय के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है। डॉ.मनीषा निगम को मिला यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं,बल्कि उच्च शिक्षा,अध्यापन और शोध के क्षेत्र में उनके निरंतर समर्पण और अकादमिक योगदान की राष्ट्रीय स्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से प्रदान किए जाने वाले उच्च शिक्षण संस्थानों एवं पॉलिटेक्निक के शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 के लिए उनका चयन उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और योगदान के आधार पर किया गया। राष्ट्रीय सम्मान के रूप में डॉ.मनीषा निगम को प्रशस्ति-पत्र,50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तथा रजत पदक प्रदान किया गया। देश के चुनिंदा शिक्षकों के बीच यह सम्मान प्राप्त करना उनके अकादमिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हो गया है। पर्वतीय क्षेत्र में उच्च शिक्षा और शोध को नई दिशा देने वाले गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए डॉ.मनीषा निगम की यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों के बीच उत्तराखंड के एक केंद्रीय विश्वविद्यालय की शिक्षिका का चयन यह दर्शाता है कि सीमित भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पर्वतीय क्षेत्र के उच्च शिक्षण संस्थान राष्ट्रीय अकादमिक परिदृश्य में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। डॉ.मनीषा निगम के सम्मान से विश्वविद्यालय के शिक्षकों,शोधार्थियों और विद्यार्थियों में भी उत्साह का माहौल है। विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को संस्थान की अकादमिक प्रतिष्ठा को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। डॉ.मनीषा निगम का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होना विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी माना जा रहा है। शिक्षा के साथ शोध को प्राथमिकता देते हुए अकादमिक क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने की दिशा में यह सम्मान नई पीढ़ी के शिक्षकों और शोधार्थियों को प्रोत्साहित करेगा। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से डॉ.मनीषा निगम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कहा कि उनका यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं है,बल्कि यह गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर तथा समूचे उत्तराखंड की शैक्षणिक प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर सम्मान है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त कर डॉ.मनीषा निगम ने न केवल गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा में वृद्धि की है,बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की उच्च शिक्षा और शोध क्षमता को भी देश के सामने गौरवान्वित किया है।