
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा पौड़ी के तत्वावधान में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सामाजिक सौहार्द संकल्प के तहत एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में भाजपा नेताओं,जनप्रतिनिधियों,अनुसूचित मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता,समानता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए कांग्रेस पर दलित समाज के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि दलित समाज को केवल चुनावी राजनीति का माध्यम बनाने के बजाय उसके सामाजिक,आर्थिक और शैक्षिक सशक्तिकरण के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। वक्ताओं ने बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके सम्मान को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। धरने को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक दलित समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को दलित समाज की चिंता सताने लगती है,जबकि भाजपा बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने और उनके सम्मान को स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारा किसी एक राजनीतिक दल की नहीं,बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज में विभाजन पैदा करने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाना चाहिए। रुद्रप्रयाग के जिला पंचायत सदस्य एवं धरने के मुख्य वक्ता अमित मैखण्डी ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति लंबे समय से दलितों के नाम पर सत्ता हासिल करने तक सीमित रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने दलित समाज के वास्तविक उत्थान के लिए क्या ठोस कार्य किए। उन्होंने कहा कि अब दलित समाज जागरूक हो चुका है और उसे अपने अधिकारों तथा सम्मान की समझ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सामाजिक समरसता के लिए काम करने का आह्वान करते हुए दलितों ने ठाना है,कांग्रेस को भगाना है का नारा बुलंद किया। पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि कांग्रेस चुनावी लाभ के लिए समाज में भ्रम और वैमनस्य पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दलित हितैषी होने के दावों और उसके राजनीतिक इतिहास के बीच अंतर दिखाई देता है। उन्होंने बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर से जुड़े ऐतिहासिक राजनीतिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकारें बाबा साहब के विचारों और संविधान की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। जिलाध्यक्ष नरेंद्र टम्टा ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आते ही दलित समाज की चिंता होने लगती है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित मोर्चा सामाजिक समरसता,समानता और सौहार्द को मजबूत करने के लिए लगातार जन-जागरूकता और संगठनात्मक स्तर पर कार्य कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि यदि वह वास्तव में दलित समाज की हितैषी है तो उसे अपने लंबे राजनीतिक इतिहास और पूर्ववर्ती कार्यों का जवाब जनता के सामने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के अपमान का हिसाब कांग्रेस को देना होगा। धरने के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा हल्द्वानी में रामलीला मंच से दिए गए भाषण के बाद सामने आए राजनीतिक विवाद का भी उल्लेख किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक विषयों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को प्राथमिकता देनी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी घटना को राजनीतिक रंग देकर समाज में तनाव पैदा करने के बजाय संवाद और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए। धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ विभिन्न नारों के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया। इनमें दलितों के नाम पर राजनीति ही कांग्रेस की नीति,दलितों का खून बहाने वाली कांग्रेस मिर्चपुर में दलितों पर गोली चलवाने वाली कांग्रेस कैसे दलित हितैषी,बाबा साहब को चुनाव हराने वाली कांग्रेस,दलितों ने ठाना है,कांग्रेस को भगाना है,बाबा साहब के अपमान का हिसाब दे कांग्रेस और चुनाव आते ही दलित याद आए कांग्रेस को जैसे नारे प्रमुख रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना है। सामाजिक समरसता,समानता और परस्पर सम्मान ही मजबूत लोकतांत्रिक समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को समाज को बांटने के बजाय सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
धरने में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,नगर पालिका पौड़ी के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा,श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भण्डारी,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भण्डारी,अनुसूचित मोर्चा जिला महामंत्री भक्तिलाल,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगमोहन नेगी,भाजपा जिला मंत्री रमेश मंद्रवाल,पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैलाश चंद्र,ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी,डॉ.रजनी रावत,क्रांति किशोर नेगी,सीमा भंडारी,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,विमल नेगी,शैलेंद्र नौटियाल,संतोष चंदोला,लक्ष्मण डुकलान,मीना गैरोला,नगमा तौफिक,श्रीनगर नगर निगम पार्षद शुभम प्रभाकर सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष,जनप्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरना-प्रदर्शन के समापन पर अनुसूचित मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द,सामाजिक समरसता,समानता और दलित समाज के सम्मान की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने जहां कांग्रेस की दलित राजनीति पर सवाल खड़े किए,वहीं आगामी राजनीतिक दौर में सामाजिक समरसता को प्रमुख मुद्दा बनाने का भी संदेश दिया।