“हेलो मैं आरती भण्डारी बोल रही हूं”…महापौर ने खुद संभाली निगम की हेल्पलाइन-जनता की शिकायतों पर तुरंत हरकत में आए अधिकारी

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की टोल फ्री हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर महापौर आरती भण्डारी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की टोल फ्री हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर महापौर आरती भण्डारी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए एक नई पहल शुरू की है। अब निगम की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले नागरिकों से महापौर स्वयं फोन पर संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रही हैं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से शिकायत की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे रही हैं। महापौर आरती भण्डारी द्वारा सीधे नागरिकों को फोन कर संवाद शुरू किए जाने से नगर निगम और आम जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित होने की उम्मीद जगी है। शिकायतकर्ता के फोन उठाते ही जब दूसरी ओर से आवाज आती है-हेलो मैं आरती भण्डारी बोल रही हूं तो लोगों को भी यह महसूस हो रहा है कि उनकी शिकायत अब सीधे निगम के शीर्ष स्तर तक पहुंच रही है। महापौर ने हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की जानकारी लेते हुए संबंधित नागरिकों से उनकी समस्या के संबंध में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने शिकायत की वास्तविक स्थिति समझने के साथ यह भी जाना कि समस्या के समाधान के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है। इसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी लेकर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि नगर निगम की हेल्पलाइन का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं,बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नागरिकों द्वारा दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई,पेयजल,स्ट्रीट लाइट,नालियों,सड़क,कूड़ा निस्तारण सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आती रहती हैं। इन समस्याओं का समय पर समाधान होना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनकर कार्य करना होगा। महापौर ने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें,इसके लिए शिकायतों की निगरानी और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायत मिलने के बाद उसके समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर शिकायतकर्ता से संपर्क कर वस्तुस्थिति भी स्पष्ट की जाए। महापौर की इस पहल को नगर निगम की कार्यप्रणाली में जनता की सीधी भागीदारी और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल शिकायतों के निस्तारण में तेजी आने की संभावना है,बल्कि आम नागरिकों का नगर निगम की व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा। महापौर आरती भण्डारी ने नगरवासियों से अपील की कि नगर निगम क्षेत्र से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत के लिए निगम की टोल फ्री हेल्पलाइन 9870666323 पर संपर्क करें। इसके अलावा निगम कार्यालय में लिखित रूप से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा बताई गई प्रत्येक समस्या नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण है। नगरवासियों की सुविधाओं और समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए निगम स्तर से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। महापौर की ओर से स्वयं हेल्पलाइन की शिकायतों की निगरानी और शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत किए जाने से शहरवासियों में भी सकारात्मक संदेश गया है। आने वाले दिनों में यह पहल कितनी प्रभावी साबित होती है,यह शिकायतों के वास्तविक और समयबद्ध निस्तारण से तय होगा,लेकिन फिलहाल महापौर का सीधे जनता तक पहुंचने का यह प्रयास नगर निगम की कार्यशैली में जवाबदेही और संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल माना जा रहा है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...