
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड बीरोंखाल में मंगलवार को श्रमिक कल्याण और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रम विभाग की ओर से विकासखंड सभागार में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर लगाया गया,जिसमें कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर श्रमिकों एवं क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों और क्षेत्रवासियों ने प्रतिभाग कर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी ही नहीं,बल्कि विकास की नींव के पत्थर हैं। पहाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सड़क,भवन,पुल तथा अन्य निर्माण कार्यों को धरातल पर उतारने में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा और उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सरकार का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। मंत्री ने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए बार-बार जिला अथवा तहसील मुख्यालय के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें,इसके लिए सरकार द्वारा ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए विवाह अनुदान,बच्चों की शिक्षा,चिकित्सा,मातृत्व सहायता,औजार खरीद,दुर्घटना सहायता सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र श्रमिक इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना श्रम कार्ड समय पर नवीनीकृत कराएं और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने श्रमिकों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान लघु सिंचाई विभाग की जिला योजना के अंतर्गत बडियान स्थित मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का भी शिलान्यास किया गया। करीब चार लाख रुपये की लागत से होने वाले इस विकास कार्य से मंदिर परिसर में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र के धार्मिक स्थल के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने तहसील बीरोंखाल में 97 लाख 23 हजार रुपये की लागत से निर्मित एक किलोमीटर लंबे जोगीमणी-सराईंखेत मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और लंबे समय से सड़क संपर्क की सुविधा की अपेक्षा कर रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं,बल्कि किसी भी क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की आधारशिला होती है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार,कृषि उत्पादों के विपणन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक सुगम पहुंच मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क नेटवर्क के मजबूत होने से गांवों में विकास की गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस दौरान एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी,बीडीओ सुदर्शन बुटोला,समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह नेगी,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी,विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिंगोड़ा,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,जनप्रतिनिधि,भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। बीरोंखाल में एक ही दिन आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर तथा सड़क निर्माण से जुड़े विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास ने यह संदेश दिया कि सरकार एक ओर श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दे रही है,वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दे रही है।