

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आंखें मनुष्य के जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। दृष्टि में आई छोटी-सी परेशानी भी दैनिक जीवन को प्रभावित कर देती है। ऐसे में पौड़ी जनपद के लोगों के लिए राहत और उम्मीद भरी खबर सामने आई है। उत्तरा केयर चिकित्सालय पौड़ी एवं विवेकानन्द नेत्रालय देहरादून के संयुक्त प्रयास से 12 सितंबर 2026 शनिवार को पौड़ी में विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रात-9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की ओर से मरीजों की आंखों की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल पर्वतीय क्षेत्र के उन लोगों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है,जिन्हें आंखों के उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य बड़े नगरों का रुख करना पड़ता है। शिविर में नेत्र रोगों की विशेषज्ञ जांच एवं उपचार,मोतियाबिंद तथा अन्य नेत्र रोगों की शल्य चिकित्सा,आंखों के घाव एवं अल्सर की जांच और उपचार,पलक की शल्य चिकित्सा,अश्रु नली की शल्य चिकित्सा,आंखों के आसपास की गांठ एवं ट्यूमर की शल्य चिकित्सा सहित आंखों एवं पलकों से संबंधित विभिन्न विकृतियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए चश्मा निःशुल्क उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक औषधियां भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। जिन मरीजों को आगे की जांच अथवा शल्य चिकित्सा की आवश्यकता होगी,उन्हें देहरादून स्थित विवेकानन्द नेत्रालय ले जाने के लिए निःशुल्क वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। देहरादून में जांच,उपचार तथा आवश्यकतानुसार तीन दिनों तक रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है। उपचार अथवा शल्य चिकित्सा के उपरांत मरीजों को वापस उत्तरा केयर चिकित्सालय पौड़ी तक पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। विशेषज्ञ बाह्य रोगी विभाग के लिए केवल 200 रुपए पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। मरीजों की सुविधा के लिए पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इच्छुक व्यक्ति 01368-313477 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। चिकित्सालय का अन्य संपर्क क्रमांक 8272866989 भी जारी किया गया है। यह विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर कंडोलिया मार्ग जिला चिकित्सालय के निकट पौड़ी गढ़वाल स्थित उत्तरा केयर चिकित्सालय में आयोजित होगा। आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि आंखों से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी को नजरअंदाज न करें। विशेषकर मोतियाबिंद,दृष्टि कमजोर होने,आंखों में घाव,पलकों अथवा अश्रु नली से संबंधित समस्या से पीड़ित व्यक्ति इस अवसर का लाभ उठाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं उचित उपचार प्राप्त करें। पर्वतीय क्षेत्र में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा को लोगों की पहुंच तक लाने की यह पहल निश्चित रूप से उन परिवारों के लिए उम्मीद की किरण है,जो आर्थिक अथवा भौगोलिक कठिनाइयों के कारण समय पर आंखों का उपचार नहीं करा पाते।