पौड़ी रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़-18 को नौकरी और 90 को दूसरे चरण का बुलावा

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ के युवाओं के लिए रोजगार की तलाश अक्सर चुनौतीपूर्ण होती है,लेकिन जब रोजगार के अवसर उनके अपने जनपद में दस्तक दें तो उम्मीद को नई उड़ान

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ के युवाओं के लिए रोजगार की तलाश अक्सर चुनौतीपूर्ण होती है,लेकिन जब रोजगार के अवसर उनके अपने जनपद में दस्तक दें तो उम्मीद को नई उड़ान मिलती है। इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारते हुए पौड़ी में आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। रोजगार की तलाश में पहुंचे 300 अभ्यर्थियों में से 18 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में अंतिम रूप से चयन किया गया,जबकि 90 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। रोजगार मेले के परिणाम से युवाओं में उत्साह के साथ भविष्य को लेकर नई उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में सेवायोजन विभाग द्वारा जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न पदों के लिए युवाओं के साक्षात्कार लिए। रोजगार मेले में सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा आईटीआई परिसर पहुंचे। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता,तकनीकी दक्षता,अनुभव एवं कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की। रोजगार मेले ने युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार की संभावनाएं तलाशने का अवसर प्रदान किया। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी लैंसडाउन अजय सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में आरएसपीएल,युवा शक्ति फाउंडेशन,सी-पेट,मारुति सुजुकी,क्वेसकॉर्प,एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस,कैम्प-108,वैभव ग्लोबल लिमिटेड तथा टीटीके टाइटन सहित कुल 10 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा ऑपरेटर,प्रशिक्षु,इंजीनियर,बिक्री एवं विपणन प्रबंधक तथा क्षेत्रीय कर्मचारी सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार चयन प्रक्रिया संचालित की गई। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में जनपद के कुल 300 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न नियोजकों द्वारा 18 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया,जबकि 90 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। द्वितीय चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन अभ्यर्थियों के लिए भी रोजगार की राह खुलने की उम्मीद है। सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले का उद्देश्य केवल युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराना ही नहीं,बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों और निजी क्षेत्र के नियोजकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना भी रहा। मेले में विभिन्न कंपनियों ने अपनी कार्यप्रणाली,उपलब्ध पदों और रोजगार की आवश्यकताओं से अभ्यर्थियों को अवगत कराया। इस पहल से ऐसे युवाओं को विशेष लाभ मिला,जो रोजगार की तलाश में लगातार प्रयास कर रहे हैं,लेकिन निजी कंपनियों तक सीधे पहुंच बनाने में कठिनाई महसूस करते हैं। एक ही परिसर में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार अलग-अलग अवसरों के लिए आवेदन एवं साक्षात्कार देने का अवसर मिला। सेवायोजन विभाग द्वारा जनपद के शिक्षित एवं तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक निजी क्षेत्र की कंपनियों को जनपद में आमंत्रित कर स्थानीय युवाओं को उनके गृह जनपद एवं राज्य के भीतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। रोजगार मेले में अंतिम रूप से चयनित 18 अभ्यर्थियों के चेहरों पर जहां रोजगार मिलने की खुशी नजर आई,वहीं द्वितीय चरण के लिए चयनित 90 अभ्यर्थियों में भी आगे नौकरी मिलने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। युवाओं ने रोजगार मेले को रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इस प्रकार के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सेवायोजन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं,बल्कि अपने कौशल एवं क्षमता के आधार पर रोजगार की प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने वाला बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र की आवश्यकताओं से परिचित कराने के साथ ही उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...