
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जब किसी के जीवन की डोर रक्त की एक बूंद से जुड़ी हो,तब किया गया रक्तदान महज दान नहीं,बल्कि मानवता के प्रति निभाया गया जीवनदायी संकल्प होता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला पौड़ी गढ़वाल ने सेवा और जनकल्याण का संदेश देते हुए श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर में भाजपा एवं भाजयुमो से जुड़े युवाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करने के साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। शिविर में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में युवा शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। रक्तदान करने पहुंचे कार्यकर्ताओं में सेवा भाव और उत्साह देखने को मिला। शिविर में भाजयुमो जिला प्रभारी गणेश भट्ट,जिला अध्यक्ष गणेश राठी,भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमिला भण्डारी,वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भण्डारी,श्रीनगर भाजयुमो अध्यक्ष यशीश रावत,व्यापार सभा जिला अध्यक्ष वासुदेव कंडारी,सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भण्डारी सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी,कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजयुमो जिला प्रभारी गणेश भट्ट ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरत के समय उपलब्ध कराया गया रक्त किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं रक्तदान करने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें और समाज में सेवा की भावना को मजबूत बनाएं।भाजयुमो जिलाध्यक्ष गणेश राठी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को समाजहित से जोड़कर मनाने से सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश आमजन तक पहुंचता है। युवाओं की भागीदारी इस दिशा में सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर अभी भी समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज,दुर्घटना में घायल व्यक्ति अथवा किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला में श्रीनगर मंडल भाजपा की ओर से भी संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए गए। मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधित्व और संगठनात्मक गतिविधियों का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए,बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी सहायता करना भी सामाजिक दायित्व है। रक्तदान,फल वितरण जैसे सेवा कार्य समाज में सहयोग,संवेदना और मानवीय सरोकारों को मजबूत करते हैं। शिविर के आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं,चिकित्सकीय टीम,भाजपा एवं भाजयुमो पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान-महादान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर और मरीजों के बीच फल वितरण के माध्यम से भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन को सेवा,संवेदना और जनकल्याण से जोड़ते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।