
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को खेलों से जोड़ने,उनकी प्रतिभा को निखारने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने प्रतिभाग करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बताया। डॉ.रावत ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं,बल्कि अनुशासन,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को पूरी खेल भावना,अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। खेल का मैदान युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के साथ अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को सात लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। विधानसभा स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी एवं टीमें आगे जिला तथा प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उपलब्ध हो सकेंगे। विधायक चैंपियनशिप के अंतर्गत कबड्डी,पिठ्ठू,वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। श्रीनगर विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में खिर्सू,पाबों,पैठाणी और थलीसैंण विकासखंडों के साथ ही बिरोखाल विकासखंड के कुछ क्षेत्रों से भी खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे खिलाड़ियों के उत्साह ने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया। डॉ.धन सिंह रावत ने स्व.बिपिन रावत खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कबड्डी मैट,माइक सेट,टेंट सामग्री तथा 25 कुर्सियां उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों एवं स्टेडियमों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं,बल्कि गांव-गांव तक खेल संस्कृति को मजबूत करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं की कोई कमी नहीं है,आवश्यकता उन्हें उचित मंच,संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। डॉ.रावत ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में ड्रेस आदि के लिए 22 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत प्राथमिक स्तर के प्रत्येक विद्यालय को 10 हजार रुपये,माध्यमिक विद्यालयों को 15 हजार रुपये तथा इंटर कॉलेजों को 25 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक इंटर कॉलेज को खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में ओपन जिम विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों में बचपन से ही खेल एवं व्यायाम के प्रति रुचि विकसित होगी तथा उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा। डॉ.रावत ने बताया कि प्रदेश के 40 डिग्री कॉलेजों में छात्रावासों का निर्माण किया जा चुका है। अब विद्यालय स्तर पर भी छात्रावास विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को यदि उनके शिक्षण संस्थानों के समीप बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी तो उन्हें पढ़ाई के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा,खेल और युवाओं के कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए ऐसी व्यवस्थाएं विकसित कर रही है,जिनसे उत्तराखंड के ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपने ही प्रदेश में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों एवं आयोजकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,नगर निगम मेयर आरती भंडारी,खेलकूद प्रतियोगिता संयोजक टीकाराम कोटियाल,डॉ.अश्वनी रावत,ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भण्डारी,भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भण्डारी,प्रदीप मल्ल,लखपत सिंह भण्डारी,बासुदेव कंडारी,जितेंद्र धिरवाण,मीडिया प्रभारी प्रकाश सती,मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर,सीमा भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि,भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता,खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।