अनुसूचित जाति विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर-गढ़वाल विश्वविद्यालय में सिविल सेवा की निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन शुरू

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर द्वारा उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित सिविल सेवा हेतु निःशुल्क कोचिंग योजना के तहत प्रदेश के अनुसूचित

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर द्वारा उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित सिविल सेवा हेतु निःशुल्क कोचिंग योजना के तहत प्रदेश के अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। विश्वविद्यालय ने संघ लोक सेवा आयोग एवं राज्य लोक सेवा आयोग की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण,मार्गदर्शन एवं अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है,ताकि योग्य विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपने लक्ष्य से वंचित न रहें और प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश के लिए बेहतर ढंग से तैयारी कर सकें। योजना के अंतर्गत किसी भी विषय अथवा संकाय से स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही स्नातक के अंतिम वर्ष अथवा अंतिम सत्र में अध्ययनरत विद्यार्थी भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का उत्तराखंड राज्य का अनुसूचित जाति वर्ग से होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय दो लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। पात्र अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया एवं योजना के नियमों के अनुसार किया जाएगा। 27 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। सिविल सेवा निःशुल्क कोचिंग के लिए प्रवेश परीक्षा 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। ऐसे में पात्र विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। चौरास परिसर में नियमित रूप से संचालित हो रही हैं कक्षाएं विश्वविद्यालय के कुलपति श्रीप्रकाश सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सिविल सेवा कोचिंग केंद्र को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। कोचिंग केंद्र में तीन पूर्णकालिक अध्यापकों की नियुक्ति की गई है,जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। कोचिंग की कक्षाएं विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। विश्वविद्यालय की इस पहल से प्रदेश के अनुसूचित जाति वर्ग के उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है,जो प्रशासनिक सेवाओं में अपना भविष्य बनाने का सपना देखते हैं,लेकिन महंगी निजी कोचिंग का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं। निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुभवी अध्यापकों का मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के नोडल अधिकारी प्रो.एम.एम.सेमवाल तथा उप नोडल अधिकारी प्रो.महेंद्र बाबू हैं। दोनों अधिकारियों के निर्देशन में योजना से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा पूछताछ के लिए अभ्यर्थी डॉ.मुकेश सहाय-6367434465,डॉ.वीर सिंह-9560914079 तथा डॉ.शैलेंद्र चमोला-9389102240 से संपर्क कर सकते हैं। नोडल अधिकारी ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे सरकार एवं विश्वविद्यालय की इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ उठाएं और निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व अपना ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह योजना गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। अभ्यर्थी आवेदन एवं योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.hnbgu.ac.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण हेतु-https://forms.gle/bC7vEoXGKbsbD3d आवेदन की अंतिम तिथि : 27 सितंबर 2026 प्रवेश परीक्षा-1अक्टूबर 2026 ।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...