एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र हितों पर महामंथन-नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने उठाए शिक्षा,रोजगार और सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दे

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के सीनेट हॉल में छात्र सलाहकार समिति तथा नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं छात्र प्रतिनिधियों के मध्य महत्वपूर्ण संवादात्मक बैठक आयोजित की

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के सीनेट हॉल में छात्र सलाहकार समिति तथा नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं छात्र प्रतिनिधियों के मध्य महत्वपूर्ण संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने,छात्र कल्याण से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का स्वागत करने के साथ उनकी प्राथमिकताओं,सुझावों एवं अपेक्षाओं को जानना तथा विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को संस्थागत स्तर पर समाधान की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। इस दौरान छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय में शिक्षा,रोजगार,स्वास्थ्य,शोध,आधारभूत सुविधाओं,छात्रावास,पुस्तकालय एवं कौशल विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए। चीफ स्टूडेंट्स एडवाइजर प्रो.एम.एम.सेमवाल ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को निर्वाचन में सफलता के लिए बधाई देते हुए छात्र राजनीति में लोकतांत्रिक मूल्यों,संवाद,धैर्य और जिम्मेदार प्रतिनिधित्व की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ विश्वविद्यालय की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से विश्वविद्यालय की सकारात्मक शैक्षणिक संस्कृति एवं लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूत करने में रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। ज्वाइंट स्टूडेंट्स एडवाइजर प्रो.सीमा धवन ने विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनने तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी संवाद एवं संस्थागत सहयोग को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि केवल समस्याओं को चिन्हित करना ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि उनके समाधान के लिए व्यावहारिक एवं रचनात्मक सुझाव भी सामने आने चाहिए। उन्होंने बताया कि छात्र सलाहकार समिति विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए टिहरी एवं पौड़ी परिसरों तक अपनी भूमिका का विस्तार करेगी। टिहरी परिसर की ज्वाइंट स्टूडेंट्स एडवाइजर प्रो.ममता राणा ने छात्र प्रतिनिधियों से विश्वविद्यालय की चुनौतियों को समझने तथा उनके समाधान के लिए सामूहिक और रचनात्मक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित कक्षा उपस्थिति,अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहचान को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। बैठक का संचालन डॉ.कविता भट्ट डिप्टी स्टूडेंट्स एडवाइजर ने किया। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें निर्वाचन में सफलता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ की सक्रिय,सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका विश्वविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने छात्र सलाहकार समिति को विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण संवाद-सेतु बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए समिति निरंतर प्रयासरत रहेगी। बैठक के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु भंडारी,सचिव मयंक बहुगुणा,उपाध्यक्ष पुलकित अग्रवाल सहित अन्य छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे और सुझाव सामने रखे। छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय में बेहतर प्लेसमेंट एवं रोजगारोन्मुखी सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था,शोधार्थियों के लिए परिवहन सुविधा,स्मार्ट क्लासरूम विकसित करने तथा प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण एवं रसायनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का विषय प्रमुखता से उठाया गया। छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक की व्यवस्था किए जाने तथा पुस्तकालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप नवीन एवं प्रासंगिक पुस्तकों की उपलब्धता बढ़ाने की मांग भी रखी। छात्रावास से लेकर लैब और कक्षाओं तक उठे सवाल
बैठक में छात्रावासों की स्वच्छता,पेयजल व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं में सुधार को लेकर भी चर्चा हुई। आईटैप विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त कक्षाओं और नियमित शिक्षकों की उपलब्धता का मुद्दा भी छात्र प्रतिनिधियों ने उठाया। इसके अलावा लैंगिक समानता एवं समान अवसर,अकादमिक एवं सांस्कृतिक क्लबों के प्रभावी संचालन,विद्यार्थियों के लिए कौशल विकास कार्यशालाओं के आयोजन तथा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारियों के लिए मार्गदर्शन सुविधा विकसित किए जाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें रोजगार,शोध,कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन एवं मार्गदर्शन मिलना समय की आवश्यकता है। बैठक के अंत में डॉ.अमरजीत सिंह परिहार ने सभी छात्र प्रतिनिधियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों को उचित संस्थागत प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। बैठक का समापन सकारात्मक संवाद,आपसी सहयोग और विद्यार्थियों के हितों को केंद्र में रखते हुए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। बैठक में अमन कुनियाल,सुनिधि सिंह,युवराज सिंह,अभिराज सिंह नेगी,नवनीत गुप्ता एवं रामस्वरूप गुर्जर सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि एवं संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...