
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हंस फाउंडेशन सतपुली के तत्वावधान में हंस फाउंडेशन जनरल हॉस्पिटल द्वारा आगामी 24 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खिर्सू में निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं नेत्र संबंधी आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। आयोजकों के अनुसार शिविर का आयोजन भोले महाराज एवं माता मंगला के आशीर्वाद तथा जनसहयोग से किया जा रहा है। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगर क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठाने की अपील की गई है। निःशुल्क नेत्र शिविर 24 सितंबर को प्रात-10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू में आयोजित किया जाएगा। शिविर में आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच के साथ जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया जाएगा। शिविर में मरीजों की नेत्र जांच के उपरांत आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी तथा जरूरतमंद मरीजों को चश्मे प्रदान किए जाएंगे। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है,जो आर्थिक अथवा भौगोलिक कारणों से समय पर नेत्र विशेषज्ञों तक नहीं पहुंच पाते हैं। शिविर की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि मोतियाबिंद की शिकायत वाले चिन्हित मरीजों का हंस अस्पताल में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों के आने-जाने के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी भी आयोजन से जुड़े लोगों ने दी है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास के ऐसे बुजुर्गों,महिलाओं,पुरुषों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को भी शिविर की जानकारी दें,जिन्हें आंखों से संबंधित परेशानी है। अधिक से अधिक लोगों के शिविर में पहुंचने से इस जनसेवा अभियान का उद्देश्य सार्थक हो सकेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में नेत्र संबंधी समस्याओं के उपचार के लिए लोगों को अक्सर दूरस्थ अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सकों तक जाना पड़ता है। ऐसे में खिर्सू में आयोजित होने वाला यह निःशुल्क नेत्र शिविर ग्रामीण जनता के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। जांच,दवा,चश्मा,मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा परिवहन जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने की पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए विशेष महत्व रखती है। हंस फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र के लोगों से आग्रह किया गया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने परिवार एवं आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी शिविर तक पहुंचाएं और नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। विशेष सहयोग एवं जानकारी के लिए सम्पर्क करें-दीपक सिंह गुसाई-9756809507 हंस हॉस्पिटल सतपुली,जनपद-पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड।