

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। धनतेरस और दिवाली के अवसर पर श्रीनगर गढ़वाल का बाजार आकर्षक रोशनी और शानदार सजावट से जगमगा उठा है। बाजार में चारों ओर दिखाई दे रही लाइटें और व्यापारियों की ओर से की गई दुकानों की आकर्षक सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। त्योहार के इस खास मौके पर बाजार की रौनक देखते ही बन रही है। शहर को रोशनी से सजाने के लिए महापौर आरती भंडारी की पहल पर नगर निगम श्रीनगर की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। नगर निगम द्वारा पूरे श्रीनगर बाजार क्षेत्र में लाइटिंग कराई गई है। सड़क के दोनों ओर लगी स्ट्रीट लाइटों के साथ ही बिजली के बल्ब लगाए गए हैं,जिससे पूरा बाजार रोशनी से जगमगा रहा है। शाम ढलते ही बाजार का नजारा और भी आकर्षक हो जा रहा है। वहीं धनतेरस को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने भी अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों की चहल-पहल से व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी उत्साह का माहौल है। नगर निगम की ओर से की गई रोशनी और व्यापारियों की सजावट ने दीपावली के उत्सव को और खास बना दिया है। महापौर आरती भण्डारी ने शहरवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों पर शहर को स्वच्छ,सुंदर और आकर्षक बनाने के साथ ही बाजारों में उत्सव जैसा माहौल तैयार करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे त्योहारों की खरीदारी अपने स्थानीय बाजार से करें और श्रीनगर के व्यापारियों के साथ खुशियां साझा कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करें। नगर निगम की इस पहल से धनतेरस पर श्रीनगर बाजार की रौनक में चार चांद लग गए हैं। शहर की जगमगाती रोशनी के बीच बाजार में दीपावली का उल्लास साफ नजर आ रहा है।