
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि सांस्कृतिक,धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक कमलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मंगलवार को आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता,सेवा,समर्पण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर के विभिन्न स्थानों पर सफाई करते हुए धार्मिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना और आस्था के केंद्र ही नहीं,बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत,आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता के भी प्रतीक हैं। ऐसे पवित्र स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साधना,सेवा,सत्संग और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना रहा। स्वयंसेवकों ने इस बात पर जोर दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान न होकर हमारी दैनिक जीवनशैली और संस्कारों का हिस्सा बननी चाहिए। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के वातावरण और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाएगा,तभी स्वच्छ एवं सुंदर समाज की परिकल्पना साकार हो सकेगी। इस अवसर पर उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने भविष्य में भी मिल-जुलकर सामाजिक,धार्मिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की इच्छा व्यक्त की। अभियान के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि सेवा का भाव केवल बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं होना चाहिए,बल्कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों से भी समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। स्वच्छता अभियान में मंजू,वीना डंगवाल,बीना नेगी,कृष्णा गैरोला,सुषमा गोस्वामी,बिन्दिया,उर्मिला पाण्डेय,सुषमा कैंतुरा,रुद्रांश शाह,नरेश उनियाल,डॉ.के.के.गुप्ता,आधार बहुगुणा एवं प्रदीप बिष्ट सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कमलेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित यह पहल धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर उदाहरण बनी। स्वयंसेवकों का यह प्रयास समाज को प्रेरित करता है कि स्वच्छता ही सेवा है और सेवा ही मानवता का सच्चा धर्म है।