हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। लोकतंत्र के उत्सव जैसे माहौल में शुक्रवार को खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने संविधान और गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने खिर्सू ब्लॉक के लिए विकास की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की और इसे शिक्षा,स्वास्थ्य,पर्यटन और खेल के क्षेत्र में आदर्श बनाने का संकल्प व्यक्त किया। डॉ.रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी ग्रामसभा बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक ग्रामसभा को मनरेगा के माध्यम से 20 से 80 लाख रुपये तक की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विकास खण्ड खिर्सू में स्थापित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके लिए 22 करोड़ रुपये पानी और 14 करोड़ रुपये बिजली हेतु स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही खिर्सू को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए डबल लेन सड़क का निर्माण होगा,जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार-खिर्सू ब्लॉक की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई जाएगी तथा डॉक्टरों की पूर्ण नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। डॉ.रावत ने आश्वासन दिया कि अगले चार माह में शेष तीन राजस्व ग्रामों को सड़क से जोड़ा जाएगा। साथ ही ब्लॉक की सभी प्रमुख सड़कों के डामरीकरण हेतु 100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। खेल और संस्कृति को मिलेगी नई उड़ान,युवाओं के लिए चमराड़ा में खेल स्टेडियम बनाया जाएगा,विकास खण्ड खिर्सू के ग्वाड और कोठगी में आयोजित प्रसिद्ध कठबद्दी मेले को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप दिया जाएगा। बुखाल मंदिर का निर्माण लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्ष में पूर्ण किया जाएगा। शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा,खिर्सू में हेलीपैड,डिग्री कॉलेज में छात्रावास,स्टेडियम और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। डॉ.रावत ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देकर खिर्सू क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जाएगी,आवास और मूलभूत सुविधाओं की गारंटी। उन्होंने बताया कि अब तक 778 जरूरतमंद परिवारों को मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं और सरकार की प्रतिबद्धता है कि कोई भी परिवार पानी या बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,पूर्व राज्य मंत्री मातवर सिंह रावत,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संपत रावत,भाजपा जिला महामंत्री गिरीश पैन्यूली,ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी,मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला,पूर्व प्रमुख भवानी गायत्री,जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट,ज्येष्ठ प्रमुख नितिन रावत,कनिष्ठ प्रमुख वरदासी देवी,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,रमेश मंद्रवाल,सरत सिंह,सुरजीत सिंह,कमल सिंह, भूपेन्द्र सिंह पंवार,खिर्सू मंडल मीडिया प्रभारी अनंत भण्डारी सहित सभी बीस क्षेत्र पंचायत सदस्य,भाजपा संगठन के पदाधिकारी,सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में जनता मौजूद रही।