
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के निर्देशन में 4 सितम्बर 2025 को सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति श्रीनगर जिला पौड़ी गढ़वाल की अध्यक्षता में विश्राम कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दो बड़े आयोजन शिक्षक दिवस 5 सितम्बर तथा राष्ट्रीय लोक अदालत 13 सितम्बर को सफल बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में तय किया गया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर विधिक शिविर आयोजित होगा,जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा जगत की उपलब्धियों और समाज में शिक्षकों की भूमिका पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। वहीं 13 सितम्बर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्री-लोक अदालत बैठक का आयोजन कर आवश्यक तैयारियों पर मंथन किया गया। इसमें यह निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कर आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेश चन्द्र जोशी,संरक्षक अनुप पांथरी,क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार,एसएचओ जयपाल सिंह नेगी,बीआरसी मुकेश काला,पीएलवी सदस्य पूनम हटवाल,रोशनी रतूड़ी,प्रियंका रॉय,प्रकाश सिंह नेगी, मानव बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक से गौरव बहुगुणा और उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक से परसजीत सिंह ने भी लोक अदालत से जुड़ी तैयारियों पर अपने विचार रखे। बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान तथा राष्ट्रीय लोक अदालत में जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण दोनों ही कार्यक्रम समाज की दिशा और दशा सुधारने में मील का पत्थर साबित होंगे। शिक्षकों और न्याय व्यवस्था दोनों की सामाजिक जिम्मेदारी और भूमिका को जोड़ते हुए एक सार्थक संदेश देती है कि शिक्षा और न्याय दोनों ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं।