
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। भाजपा खिर्सू मंडल द्वारा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा,समर्पण और सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक विनय किमोठी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा सेवा ही परम धर्म है। प्रत्येक व्यक्ति को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि इसे जीवन का स्थायी हिस्सा बनाने का संकल्प है। कार्यक्रम प्रभारी मधु खुगसाल ने जानकारी दी कि सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी,जिनमें रक्तदान शिविर,स्वच्छता अभियान,जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करना,जनजागरूकता अभियान शामिल हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज को नई दिशा देने में अपनी भूमिका निभाएं। मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीति तक सीमित नहीं है,बल्कि समाज सेवा को अपने मूल में समेटे हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवा पखवाड़ा खिर्सू मंडल को नई पहचान देगा और जनसेवा की परंपरा को और मजबूत करेगा। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन ही सेवा और समर्पण का उदाहरण है। सेवा पखवाड़ा हमें यह प्रेरणा देता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद और सहयोग की भावना पहुंचे। खिर्सू मंडल के कार्यकर्ता इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे और हर जरूरतमंद तक भाजपा का सेवाभाव पहुंचेगा। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से सेवा और समर्पण भाव से काम करने तथा संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित प्रमुख कार्यकर्ताओं में जिला मंत्री रमेश मंद्रवाल,महामंत्री भूपेंद्र पंवार,कमल रावत,आईटी मीडिया प्रभारी नेहा भारती,सोशल मीडिया प्रभारी अनंत भण्डारी,ज्येष्ठ प्रमुख नितिन रावत,मनीषा बहुगुणा,मानसी बिष्ट,हरेंद्र कंडारी सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे। सेवा पखवाड़े का यह आयोजन सिर्फ औपचारिकता नहीं,बल्कि समाज में एक नई चेतना और प्रेरणा का संचार है। खिर्सू मंडल के कार्यकर्ताओं ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनसेवा है और सेवा से ही संगठन सशक्त होता है।