
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रव्यापी स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत डॉ.बीजीआर परिसर पौड़ी में शनिवार 13 सितम्बर 2025 को एक व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में छात्रों,प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रो.यू.सी.गैरोला ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं,बल्कि यह मानवता और प्राणियों की सेवा है। यदि हम अपने घर,कार्यस्थल और समाज को स्वच्छ रखते हैं तो यह हमारे जीवन की सबसे बड़ी सेवा है। अतः सभी को इसमें बढ़-चढ़कर परिवार की तरह सम्मिलित होना चाहिए और अपने दैनिक जीवन में भी इसे अपनाना चाहिए। इस अवसर पर संकाय सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने कचरा उठाकर साफ-सफाई की और यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और कर्मचारियों में स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना तथा उन्हें इस दिशा में प्रेरित करना है। स्वच्छता पखवाड़ा अभियान परिसर में 30 सितम्बर 2025 तक निरंतर चलेगा,जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.एस.सी.गैरोला ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ जल संरक्षण और हरियाली पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ.गौतम कुमार ने इस आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। छात्रों ने भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संदेश दिया कि स्वच्छ परिसर,सुंदर परिसर ही एक स्वस्थ जीवन की पहचान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उसी कड़ी में डॉ.बीजीआर परिसर का यह अभियान राष्ट्रव्यापी संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है। स्वच्छता है सेवा,स्वच्छता है समर्पण,स्वच्छ परिसर-स्वस्थ जीवन,कचरा पात्र में डालें,परिसर को चमकाएं,स्वच्छता अपनाएं,बीमारी भगाएं।