
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी /श्रीनगर गढ़वाल। स्वस्थ समाज और सशक्त परिवार की दिशा में ठोस पहल करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी थलीसैंण में शनिवार को विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे शिविर लोगों को बेहतर उपचार के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करते हैं। शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर नि:शुल्क परामर्श व दवाइयां उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर 231 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर लाभ उठाया। व्यापक जांच और सुविधाएं,शिविर के दौरान उच्च रक्तचाप,मधुमेह,कैंसर,एनीमिया और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। किशोरियों व महिलाओं की विशेष रूप से जांच कर मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण संबंधी जानकारियां दी गईं,गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व परीक्षण कर आयरन और कैल्शियम की खुराक दी गई,बच्चों का नि:शुल्क टीकाकरण हुआ,आंखों व कानों की जांच भी की गई। इसके साथ ही 12 लोगों को दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए गए,14 ई-रक्तकोष पंजीकरण और 7 निक्षय मित्र बनाए गए। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.अगम कांत,बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.हितेन जंगपांगी,फिजिशियन डॉ.सुनील शर्मा,ईएनटी विशेषज्ञ डॉ.अश्वनी चौहान,स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.अंकिता रावत ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं सीएचओ स्वेता,नीतू शर्मा,नेहा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे। शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र रावत,भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद नेगी और नगर पंचायत के सभासद दिलीप रावत भी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से ग्रामीणों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी छोटी-सी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय-समय पर जांच कराते रहें। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों से कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की नींव है। शिविर ने ग्रामीणों को न केवल इलाज और दवाइयों का लाभ दिया बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया। इस प्रकार थलीसैंण सीएचसी में आयोजित चिकित्सा शिविर ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य संजीवनी साबित हुआ। जहां एक ओर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गांव-गांव के लोगों को उपचार व परामर्श दिया,वहीं दूसरी ओर महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता का लाभ भी मिला। शिविर ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला है। स्वस्थ नारी,सशक्त परिवार,बीमारी से बचाव ही सबसे बड़ा इलाज,हर घर में स्वास्थ्य जागरूकता,तभी होगा खुशहाल समाज। स्वच्छता है सेहत की कुंजी,गंदगी छोड़ो,स्वास्थ्य जोड़ो,स्वच्छ गांव,स्वस्थ जीवन।