
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। यातायात नियमों को सख्ती से लागू कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए श्रीनगर पुलिस ने रात्रि अभियान चलाकर शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहे दो कार चालकों को गिरफ्तार कर उनकी गाड़ियां सीज कर दीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर श्रीनगर क्षेत्र में देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में कई वाहनों को रोका और जांच की। इसी बीच दो कार चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पहले मामले में वाहन संख्या CH 04 P 8233 का चालक बेहद खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाता हुआ पाया गया। जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई,जिसके बाद वाहन को सीज कर चालक को हिरासत में ले लिया गया। दूसरे मामले में वाहन संख्या UK 07 FF 6836 का चालक भी शराब के नशे में पाया गया। उसे तुरंत गिरफ्तार कर उसकी कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना सड़क हादसों का बड़ा कारण है। इस तरह की लापरवाही से न केवल चालक की बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। ऐसे मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इस अभियान से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि श्रीनगर पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।