
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भंडारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकास खण्ड खिर्सू क्षेत्र में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई,जब दो किशोरों पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया। यह दर्दनाक घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है,जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार आकाश नेगी (निवासी कठूली-सिंगोरी,खिर्सू) और आदर्श सिंह रावत (निवासी मदगीयू-खिर्सू),दोनों की उम्र लगभग 17-18 वर्ष है। प्रतिदिन की तरह ये दोनों युवक सुबह व्यायाम और ताजी हवा के लिए गांव से बाहर सड़क की ओर निकले ही थे,तभी झाड़ियों के बीच से निकलकर एक भालू ने उन पर पीछे से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर,हाथ,घुटनों और गले पर गहरे पंजे के निशान हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों ने दोनों घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया,जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत अब सुरक्षित है। इस घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले का संज्ञान लिया। विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही बढ़ने से लोग दहशत में हैं। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से रात्रि गश्त बढ़ाने व ग्रामीणों को सुरक्षा उपायों से अवगत कराने की मांग की है।